मुरादाबाद: युवक का ध्यान दोस्त से बातचीत में था, इधर अज्ञात बाइक लेकर चंपत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रास्ते में मिले दोस्त से बात कर रहे युवक की बाइक को लुटेरा छीनकर फरार हो गया। थाने के चक्कर काटने के बाद भी पुलिस द्वारा सुनवाई न करने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के चंद्र नगर निवासी अमन कुमार ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि बीती 16 नवंबर की रात लगभग 8:00 बजे वह अपने घर से रेलवे हरथाला कॉलोनी के चौराहे पर दवाई लेने जा रहा था। इसी बीच पेट्रोल पंप के पास उसका दोस्त कपिल मिल गया। जिसके चलते वह अपने दोस्त से बात करने लगा। इस दौरान सड़क की दूसरी ओर उसकी मोटरसाइकिल खड़ी थी। अमन कुमार का आरोप है कि इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति आया और उसकी मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। पीड़ित ने तुरंत ही इसकी शिकायत सिविल लाइंस थाना पुलिस और रेल पुलिस चौकी में की, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच कराई जा रही है।

संबंधित समाचार