Unnao: पुलिस से मुठभेड़ में लुटेरे के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती, आरोपी से बरामद हुआ ये समान...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली पुलिस ने करीब तीन महीने पूर्व हुई लूट में शामिल आरोपी को शुक्रवार भोरपहर हुई मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस कार्रवाई में लुटेरे के पैर में गोली लगने से उसके घायल होने के कारण उसे सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया गया है। एएसपी अखिलेश सिंह के मुताबिक लुटेरे ने लूट की घटना को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने लुटेरे के पास से 1 तमंचा, 3 कारतूस, 1 बाइक, 4300 रुपये व 1 मोबाइल बरामद किया है। 

एएसपी ने बताया कि बीती 29 अगस्त को सन्तोष कुमार पुत्र बाबूलाल निवासी केवाना कोतवाली अजगैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपनी पत्नी उमा व बेटी शिक्षा के साथ लखनऊ से बाइक से घर वापस आ रहा था। तभी कस्बा नवाबगंज में पीछे से दो अज्ञात युवक बाइक से आये और उसकी पत्नी को धक्का देकर पर्स छीनकर भाग गये। जिसमें ज्वैलरी व मोबाइल फोन था।

तहरीर के आधार पर अजगैन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार भोरपहर  अजगैन पुलिस कस्बा नवाबगंज में कोका कोला फैक्ट्री तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक बिना नम्बर प्लेट की बाइक से जा रहे युवक को रोका गया तो उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा पीछा किया गया तो वह गिर गया और फायरिंग करने लगा। जवाब में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

जिसे सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है। पूछताछ में पकड़े गए लूटेरे ने अपना नाम अयान उर्फ शरीफ पुत्र इलियास निवासी बारवां कला बसंत कुंज योजना सेक्टर पी हरदोई रोड दुबग्गा थाना दुबग्गा लखनऊ बताया है। पुलिस पूछताछ में उसने पूर्व में अजगैन कोतवाली अंतर्गत कस्बा नवाबगंज में हुई लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

संबंधित समाचार