बरेली: कहीं नकली पेंट से तो नहीं रंगा जा रहा आपका घर, हुआ है बड़ा खुलासा
बरेली, अमृत विचार। किला पुलिस ने फैक्ट्री में घटिया क्वालिटी का मिलावटी पेंट तैयार करके ब्रांडेड कंपनियों की खाली बाल्टियों में भरकर बेचने के मामले का पर्दाफाश किया है। फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने आरोपी फैक्ट्री संचालक को मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। महेशपुरा स्थित उक्त फैक्ट्री से बरेली और आसपास …
बरेली, अमृत विचार। किला पुलिस ने फैक्ट्री में घटिया क्वालिटी का मिलावटी पेंट तैयार करके ब्रांडेड कंपनियों की खाली बाल्टियों में भरकर बेचने के मामले का पर्दाफाश किया है। फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने आरोपी फैक्ट्री संचालक को मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया है।
महेशपुरा स्थित उक्त फैक्ट्री से बरेली और आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता था। मिलावटी पेंट भरने के लिए आरोपी दिल्ली से खाली बाल्टियां मंगवाता था। दिवाली से पहले ही बड़ी मात्रा में नकली पेंट और पुट्टी बाजार में सप्लाई की जा चुकी थी। अभी और माल की सप्लाई की जानी थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले की सूचना नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी दे दी गई है। बुधवार दोपहर तक एक कंपनी के प्रतिनिधि थाने पहुंच चुके थे।
किला पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार में नकली पेंट की सप्लाई की जा रही है। सप्लाई करने वाला अख्तर अली पुत्र मासूम अली बजरिया संदल खां में रहता है। पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी फैक्ट्री सीबीगंज में है। उसके पास जारा कंपनी का रजिस्ट्रेशन है। इसी कंपनी का माल वह सीबीगंज के महेशपुरा में तैयार करता है।
जब पुलिस उसे फैक्ट्री ले गई तो वहां पर जारा कंपनी का कोई भी पेंट तैयार नहीं हो रहा था। पुलिस ने जब वहां चेकिंग की तो वहां नामी कंपनियों के पेंट की खाली बाल्टियां व फैक्ट्री में बनाया गया पेंट बरामद हुआ। इसके अलावा यहां नामी कंपनियों की वॉल पुट्टी के भी कट्टे मिले। बड़ी मात्रा में रॉ मैटेरियल भी मिला जिससे पेंट और पुट्टी तैयार किए जा रहे थे। जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा खुलासा कर दिया।
प्रति बाल्टी पांच सौ रुपये का होता था फायदा
पुलिस पूछताछ में अख्तर ने बताया कि वह करीब एक साल से किराये के गोदाम में फैक्ट्री चला रहा था। वह दिल्ली से नामी कंपनियों की पेंट भरने की खाली बाल्टियां और पुट्टी के पैकेट मंगाता था। एक खाली बाल्टी उसे 400 से 450 रुपए में मिलती थी। वह फैक्ट्री में रॉ मैटेरियल पेंट तैयार कर खाली बाल्टियों में पैक कर देता था और फिर मार्केट में डीलरों के माध्यम से सप्लाई कर देता था। उसने बताया कि असली पेंट की कीमत 22 सौ रुपए है तो वह मिलावटी पेंट 1700 रुपये के करीब बेच देता था। इससे उसे प्रति बाल्टी 500 रुपए का फायदा हो जाता था।
ये माल हुआ बरामद
250 बोरी रॉ मैटेरियल
50 भरे कट्टे पुट्टी के 20 किलो के
119 खाली कट्टे पुट्टी के
32 खाली बाल्टी 20 लीटर की
08 खाली बाल्टी 10 लीटर की
01 खाली बाल्टी 4 लीटर की
26 भरी बाल्टी 20 लीटर की
29 शीशी केमिकल की एक लीटर की
98 शीशी केमिकल की 200 मिली की
50 शीशी केमिकल की 500 मिली की
“किला पुलिस ने मिलावटी पेंट और पुट्टी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से भारी मात्रा में नकली माल बरामद हुआ है। कच्चा माल भी मिला है। एक को पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
