मुरादाबाद: युवाओं को नशे की लत देने वाली महिला गिरफ्तार, नकदी भी बरामद
मुरादाबाद,अमृत विचार। युवाओं को नशा बेचने वाली महिला को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला से पांच ग्राम स्मैक व करीब 70 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। महिला अपने घर से ही यह गोरखधंधा करती थी। पूछताछ में उसने बरेली व बाराबंकी से स्मैक आने की बात कही है। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। युवाओं को नशा बेचने वाली महिला को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला से पांच ग्राम स्मैक व करीब 70 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। महिला अपने घर से ही यह गोरखधंधा करती थी। पूछताछ में उसने बरेली व बाराबंकी से स्मैक आने की बात कही है। हालांकि मुख्य कारोबारियों के संबंध में महिला जानकारी नहीं दे सकी है। आरोपी महिला का चालान करने के साथ ही पुलिस उसके परिजनों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मंगलवार की रात सिविल लाइंस पुलिस को सूचना मिली कि आदर्श कालोनी में एक महिला स्मैक बेच रही है। काफी लंबे समय से महिला यह गोरखधंधा कर रही है। खासतौर पर युवा और स्कूली छात्र स्मैक लेने आते हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पांच ग्राम चरस व करीब 70 हजार की नकदी बरामद हुई।
खुलासा करते हुए एएसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पकड़ी गई महिला आदर्श कालोनी निवासी सुशील कुमार की पत्नी राखी है। वह करीब तीन माह से स्मैक बेच रही थी। हालांकि महिला का कोई अपराधिक इतिहास नहीं हैं। पूछताछ में उसने बताया है कि खासतौर पर युवा स्मैक खरीदने आते हैं। 80 मिली ग्राम की पुड़िया करीब दो सौ रुपए में बेची जाती थी। बकौल एएसपी पूछताछ में महिला ने बरेली व बाराबंकी से स्मैक आने की बात कही है। लेकिन वह मुख्य कारोबारियों का नाम नहीं बता सकी है।
मुरादाबाद में स्मैक मुहैया कराने वालों के बारें में जानकारी दी है, जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं उन्होंने बताया कि इस धंधे में परिजनों की भूमिका के साथ ही सोशल मीडिया का सहारा लिया जाता था कि नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
