मुरादाबाद: डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया बेसिक स्कूल का कोर्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बेसिक स्कूलों के कोर्स को तब्दील करने में देश के सभी प्रदेशों उत्तर प्रदेश प्रथम नंबर पर पहुंच गया है। प्रदेश भर से चुने जाने के बाद पांच विशेषज्ञों और 72 शिक्षकों की टीम बनी, जिसने दो महीने की कड़ी मेहनत में 560 शैक्षिक वीडियो तैयार किए। मुरादाबाद के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बेसिक स्कूलों के कोर्स को तब्दील करने में देश के सभी प्रदेशों उत्तर प्रदेश प्रथम नंबर पर पहुंच गया है। प्रदेश भर से चुने जाने के बाद पांच विशेषज्ञों और 72 शिक्षकों की टीम बनी, जिसने दो महीने की कड़ी मेहनत में 560 शैक्षिक वीडियो तैयार किए। मुरादाबाद के देवेश चक्रवती भी 72 शिक्षकों की टीम में शामिल हैं। 12 नवंबर यानी आज से दूरदर्शन पर इन वीडियो का प्रसारण शुरू होगा।


कोरोना के चलते परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए कक्षा एक से आठवीं तक के कोर्स को डिजिटल के रूप में तब्दील करने पर विचार किया गया। इसके बाद स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद के नेतृत्व में प्रदेश भर से शिक्षकों और विशेषज्ञों का चयन किया गया। इन शिक्षकों ने विज्ञान, अंग्रेजी, एसएसटी, हिंदी और गणित के सभी पाठ की स्क्रिप्ट तैयार की। प्रदेशभर से चुने गए 72 शिक्षकों ने स्क्रिप्ट के आधार पर वीडियो शूट किए।

लखनऊ और नोएडा में एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कैंपस में शूटिंग का कार्य संपन्न हुआ। इन वीडियो का 12 नवंबर से पांच दिसंबर तक दूरदर्शन के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा। स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने इस संबंध में सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है। वहीं अभिभावकों तक यह सूचना पहुंचाने का निर्देश दिया गया है, ताकि अधिकाधिक बच्चे इस प्रसारण को देख लाभ उठा सकें।

192 टॉपिक को चुनकर तैयार हुई स्क्रिप्ट
वीडियो विकसित करने के लिए टीचिंग प्लान, कंटेंट रिव्यू, अकादमिक निर्देशन और वीडियो के अनुमोदन के लिए पूरे प्रदेश से पांच विशेषज्ञों को चुना गया था। इन लोगों ने छह विषयों के 192 टॉपिक को चुनकर स्क्रिप्ट तैयार कराई। वीडियो ऐसे तैयार कराए कि इनको देखने के बाद छात्र के मन में किसी भी तरह से शंका ना रहे। सभी की पीपीटी भी तैयार कराई गई।

कक्षावार-विषयवार किया जाएगा प्रसारण
इस प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभाने वाले देवेश चक्रवती बताते हैं कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उत्तर प्रदेश पूरे देश में ऐसा कार्य करने वाला पहला राज्य बना है। 12 नवंबर से 5 दिसंबर तक सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे के बीच कक्षावार- विषयवार प्रसारण किया जाएगा। वीडियो का समय लगभग 21 मिनट से 33 मिनट के बीच का है। भविष्य में यह वीडियो प्रोजेक्टर के माध्यम से स्मार्ट कक्षा में चलाए जा सकते हैं। ऐसे में यदि किसी स्कूल में शिक्षकों की कमी है अथवा कोई शिक्षक छुट्टी पर है तब भी छात्रों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होगा।

योगेंद्र कुमार, बीएसए
निजी स्कूलों में बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं जारी हैं। इसी तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को भी ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क और स्मार्ट फोन न होने की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए दूरदर्शन पर नौनिहाल प्रसारण देख पढ़ाई कर सकते हैं।

देवेश चक्रवर्ती, सहायक अध्यापक, कंपोजिट विद्यालय, मूंढापांडे
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसको देखते हुए दो माह से शैक्षिक वीडियो तैयार की जा रही थीं। जिन बच्चों के साथ स्मार्ट फोन आदि की सुविधा नहीं है वे दूरदर्शन पर पढ़ाई कर सकते हैं।

संबंधित समाचार