बदायूं: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

शनिवार को थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव सिमरा के पास हुआ हादसा

कादरचौक, अमृत विचार। उसावां क्षेत्र के दो गांव निवासी दोस्त अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव सिमरा के पास पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थाना उसावां क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी शेर सिंह (20) पुत्र बुद्धपाल अपने दोस्त गांव वीरमपुर निवासी केपी सिंह यादव (25) पुत्र मोर सिंह के साथ उसके बहनोई अमर पाल यादव के घर गांव तिलक नगला बाइक से जा रहे थे। थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव सिमरा के पास कादरचौक की ओर से तेज रफ्तार आई पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसा इतना तेज था कि शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि केपी सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर कादरचौक के थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर गए। बाइक सवार दोनों युवकों को कादरचौक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों की मौत की पुष्टि कर दी। सूचना मिलने पर परिजन चीत्कार करते हुए पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बदायूं : फल विक्रेता के घर से 71 हजार नगद समेत तीन लाख की चोरी

संबंधित समाचार