महादेवा महोत्सव: ओ मनवा लागे सांवरे... बच्चों की नटखट अदाओं ने मोहा मन, देखें तस्वीरें
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। श्री लोगेश्वर महादेव की तीर्थनगरी में आयोजित सात दिवसीय महादेवा महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूच रंग जमाया। महोत्सव के सप्तरंगी मंच पर निजी स्कूलों के साथ ही प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल के बच्चों ने अपनी प्रतिभा और नटखट आदाओं का प्रदर्शन किया तो दर्शकों से भरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
नायब तहसीलदार सैय्यद तहजीब हैदर ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलितकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कांती महाविद्यालय की छात्रा राखी रावत, रिचा रावत ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा इसी विद्यालय की छात्रा उषा, अनुष्का तिवारी, अनामिका मिश्रा, अम्बिका मिश्रा, अर्पिता मिश्रा, आर्या जायसवाल, अंशिका और रूबी आदि ने ''नच ले नच ले'', ''मेरे सुन्ने सुन्न पैर'', ''ओ मनवा लागे सांवरे'' और ''तूने पायल जो छनकाई'' सहित विभिन्न गानों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।

गायत्री चिल्ड्रेन एकेडमी विद्यालय रामनगर प्रखर तिवारी के निर्देशन में विद्यार्थी आयुष शुक्ला, कृत्यांश वर्मा, शिवा राजपूत, सारांश मिश्रा, सज्जाद सैफ, आयुष्मान तिवारी, सलमान, अभय और सुभाष रावत ने सामूहिक रूप से देश भक्ति गीत ''कर हर मैदान फतेह'' प्रस्तुत किया। तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्राथमिक विद्यालय सिरकौली कुर्मिन के बच्चों ने अध्यापक विवेक मिश्रा के संयोजन में तबला वादन एवं फर्राटेदार अंग्रेजी भाषा में महादेवा महोत्सव के बारे में जानकारी देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके बाद एसबीपीएम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भगवान शिव की स्तुति प्रस्तुत की। इसी विद्यालय के बच्चों ने महिला सुरक्षा पर आधारित नाटक की शानदार प्रस्तुति देकर छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। प्राथमिक विद्यालय के अध्यापकों संदीप सिंह, पूनम त्रिपाठी, ऋषि यादव, राघवेंद्र सिंह, मृदुलिमा पाठक ने छात्र आलोक और रोशनी के साथ बालिका शिक्षा पर आधारित घर की रोशनी नामक नाटक प्रस्तुत कर प्रेरक सन्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय अशोकपुर चाचू सराय की अध्यापिका मृदुलिमा पाठक की अगुवाई में विद्यार्थियों आशुतोष, निशि, परी, नितिन और देवांशु ने नमो नमो शंकरा, हम दीप शिक्षा के जगमगाएंगे पर शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय तिवारी ने किया।

सारे तीरथ एक ही द्वारा महादेव दरबारा बा
महादेवा महोत्सव के सांस्कृतिक पंडाल में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा शनिवार को एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गयीं। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय लोकगायक जमुना प्रसाद कनौजिया ने अपनी प्रस्तुति भगवान शिव की स्तुति सारे तीरथ एक ही द्वारा महादेव दरबारा बा की प्रस्तुति से की। इसके बाद गया अयोध्या काशी मथुरा, यही पे चारों धाम बा।

साथी गायिका मोहिनी ने ओ माई हो तनी आ जइतिव भक्तिगीत की प्रस्तुत की। इसके बाद जमुना और मंजू द्वारा युगल गीत, रेहनी गांव वाली धइके जमिनिया हो, हमहूं बसबै शहरिया ना, शहर से सुंदर गांव की झोपड़िया हो, हमके भावै शहरिया ना, इसके बाद भूसा बिकाय हमें लाय देव लटकन गीत खूब सराहा गया। इसके बाद भोजपुरी गीत रोज रोज हमरा सपनवा में आय के काहे के जिया ढहकावा तारू हो, काहे हमरा के मंजनू बनावा तारू हो आदि मनमोहक गीतों को जैसे ही सुनाया पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस कार्यक्रम में हारमोनियम ढोलक शंभू दयाल, हारमोनियम अंश कुमार, कोरस भगवती प्रसाद, भारत प्रसाद, विनोद कुमार, मोहम्मद आशिक, राजू बाध्ययंत्रों के माध्यम से सुरताल दे रहे थे। इसके बाद सिद्धार्थ कनौजिया की टीम ने ग्रामीण कठपुतली कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा सहित स्वच्छता आदि विषयों पर जागरूकता सन्देश दिया।
यह देश है वीर जवानों का...पर झूम उठे सभी
महादेवा महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर लखनवी चाचा के द्वारा यह देश है वीर जवानों का, अलबेलो का मस्तानों का, इस देश के यारों क्या कहना देश गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया गया। जिसमें पंडाल में मौजूल लोग भी झूम उठे। गुलाब बाई ने झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में गाने पर डांस प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद राधा और कृष्ण के रूप में कलाकारों ने ओ राधा तेरी चुनरी ओ राधा तेरा छल्ला गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटीं। हेतराम व चेतराम द्वारा बटवारा शीर्षक पर नाटक प्रस्तुत कर गांव की वास्तविक स्थिति का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस नाटक में मनीष कनौजिया, कपिल कुमार, सिद्धार्थ और पंकज कुमार ने सहभागिता की।
गायिका डॉ पूनम के भजनों ने बांधा समा
महादेवा के सांस्कृतिक मंच पर एफएम रेनबो की सिग्नेचर ट्यून गायिका डॉ. पूनम श्रीवास्तव ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ पूनम श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की शुरुआत भजमन पंचमुखी परमेश्वर से समा बांध दिया। राम का गुणगान करिए भजन पर श्रोता झूम उठे। इसके अलावा कोई कहियो रे प्रभु आवन की। खेले मसाने में होली दिगंबर पर पूरा पंडाल तालियों से गुंजायमान हो गया। इतना तो करना स्वामी, शिव के मन शरन हो, की प्रस्तुति को लोगों द्वारा खूब सराहा गया। कार्यक्रम में तबला वादक राजीव शुक्ला हारमोनियम कमलाकांत ने संगत किया।

मयूर महारास एवं फूलों की होली से भक्तिमय हुआ पंडाल
महादेवा महोत्सव की शाम सांस्कृतिक मंच पर रासरंग संस्था लखनऊ की निदेशक सरिता यादव के निर्देशन में नृत्य कलाकारों द्वारा मयूर महारास एवं फूलों की होली की प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम की शुरुआत श्री कृष्ण आरती से हुई। नृत्य कलाकारों में भरत, अंशू, सरिता यादव, गौरी, अंजलि, प्रांजल, अनुज आदि द्वारा नंद भवन में आनन्द बरसे, जिसकी दीवानी ब्रज की हर बाला, राधा रानी हमे भी बता दे जरा, तेरा दीवाना कैसे हुआ सांवरा,कान्हा रे थोड़ा सा प्यार दे, राधे राधे कृष्ण कृष्ण, राधा रानी हमें भी बता दे जरा तेरा दीवाना कैसे हुआ बावरा सहित तमाम राधा कृष्ण के सुंदर भजनों की बेहतरीन प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद कलाकारों द्वारा फूलों की होली की मनमोहक प्रस्तुति पर दर्शक खूब थिरके।
बुंदेलखंड की सुनो कहानी बुंदेलों की बानी में...
महादेवा महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर नवरस बुंदेली लोक कला समिति महोबा बुंदेलखंड के कलाकारों ने आल्हा गायन की प्रस्तुति कर दर्शकों में जोश भर दिया। मुख्य आल्हा गायक जितेंद्र चौरसिया ने गणेश वंदना सदा भवानी दाहिनी मुख रहे गणेश पंचदेव मिल रक्षा करें ब्रह्मा विष्णु महेश से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद बुंदेलखंड की सुनो कहानी बुंदेलों की बानी में, वीर पुरोधा गण महुए वाले आल्हा ऊदल जिनका नाम पलक झपकते ही बदले युद्धों के परिणाम, बड़े लड़ईया महोबा वाले जिनसे हार गई तलवार, एक का मारव द्वइ मर जाय, तीसर खौफ खायक मरिजाय, सुनाकर दर्शकों के रोवे खड़े कर दिए। इसके अलावा कजरिया की लड़ाई की शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान हाई कोर्ट की जज संगीता चंद्रा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, एसडीएम पवन कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट केडी शर्मा, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह सहित भारी संख्या में आल्हा प्रेमियों ने आल्हा का लुफ्त उठाया।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: महिला के गले से सोने की चेन लूटकर भाग गया लुटेरा
