कानपुर में बेटी ने पुलिस से लगाई गुहार, बोली- पिता नशे में बेरहमी से पीटते, मां का जबड़ा तोड़ा और सिगरेट से शरीर पर गोदा
बाबूपुरवा थानाक्षेत्र की घटना, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पति फरार
कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हुई। जहां नशे में धुत होकर एक पति ने पत्नी को बेरहमी से मारापीटा। इससे उसका जबड़ा टूट गया। इस दौरान आरोपी पति ने सिगरेट जलाकर पत्नी के शरीर पर कई जगह दाग बनाए। घटना के बाद महिला के आंतरिक रक्तस्त्राव होने लगा।
इससे महिला की हालत बिगड़ गई। बेटी मां को ले जाकर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल लेकर दौड़ती रही। इसके बाद अंतत: उसका गंभीर हालत में इलाज लखनऊ पीजीआई में चल रहा है। महिला की बेटी ने आरोपी पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जिसके बाद से वह फरार हो गया।
कांशीराम कालोनी सनिगवां निवासी शबनम ने बताया कि उसका मायका रेलवे साउथ कालोनी बाबूपुरवा में हैं। बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पहले मोहम्मद सलीम से हुई थी। शबनम ने एफआईआर में आरोप लगाया कि उसके पिता सलीम शराब के लती हैं। आए दिन शराब के नशे में धुत होकर घर के सदस्यों से विवाद करते हैं। दर्ज एफआईआर में बताया कि उसकी मां 62 वर्षीय शाहीन बेगम हाल में ही अपने मायके रहने के लिए आई थीं।
बताया कि 29 नवंबर 2024 को रोज की तरह पिता सलीम शराब के नशे में रात दो बजे घर पहुंचे। घर आने के बाद मां से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर पिता ने मां को बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससेस उनका जबड़ा टूट गया। बांई आंख में गंभीर चोट आ गई। एफआईआर में आरोप लगाया कि पीटने के दौरान पिता ने सिगरेट से जांघों में गोद दिया। आरोप लगाया कि उनके निजी हिस्से पर भी मारा जिससे रक्तस्त्राव होने लगा।
शबनम ने एफआईआर में आरोप लगाया कि वह भागकर बाबूपुरवा थाने पहुंची और पुलिस से गुहार लगाई। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मां शाहीन बेगम को केपीएम ले गई। वहां हालत गंभीर होने पर केपीएम से हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां भी इलाज शुरू हुआ और हालत बिगड़ने पर मां को पीजीआई रेफर कर दिया। इस मामले में बाबूपुरवा थाना प्रभारी ने बताया कि बेटी की तहरीर पर पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोप पिता सलीम फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम कार्य कर रही हैं।
