बरेली: पहले रेकी फिर की वारदात...भाग रहे बदमाशों का पीछा किया तो फायरिंग कर फैला दी दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फायरिंग के बाद बाजार हुआ बंद, व्यापारियों में दहशत

बरेली/भमोरा, अमृत विचार। देवचरा में सर्राफ रोहित गुप्ता से लूट के बाद भाग रहे बदमाशों का जब लोगों ने पीछा किया तो फायरिंग कर लगे। फायरिंग के डर से लोग रुक गए और बदमाश भाग गए। आनन फानन में बाजार बंद हो गई। वारदात से देवचरा के व्यापारियों में दहशत और रोष है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कई दिन तक रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया।

बदायूं की नागराज कॉलोनी निवासी सर्राफ रोहित गुप्ता जिस स्थान पर खड़े थे। उससे कुछ दूरी पर बदमाशों ने बाइकों को खड़ा कर दिया था। सीसीटीवी में पांच बदमाश उनकी ओर जाते हुए दिख रहे हैं। पांचों के पैर दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद बदमाश भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। लोगों ने जब उनका पीछा किया तो बदमाशों ने लोगों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इससे डरकर लोग पीछे हट गए।


एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि घटना करने वाले बदमाशों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा, जिसे वह जिंदगी भर याद रखेंगे। उन्होंने बताया कि एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमें जुट गई हैं। एसएसपी अनुराग ने बताया कि घटना के बाद टीमों को खुलासा के लिए लगा दिया गया है। उम्मीद है पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। वह स्वयं इस टीमों को निर्देशित कर रहे हैं।

रेकी करके लूट की आशंका
रोहित गुप्ता ने बताया कि वह प्रतिदिन रोडवेज बस से आते और जाते हैं। रविवार शाम को वह रोडवेज बस का इंतजार कर रहे थे, तभी लूट हुई। लोगों का कहना है कि बदमाश कई दिन से रेकी कर रहे होंगे। कुछ लोगों का कहना है कि बदमाश दुकान से ही रेकी कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने खुलासा करने के लिए एसओजी, फील्ड यूनिट के साथ सर्विलांस टीम को भी लगाया है। सर्विलांस टीम नंबरों के आधार पर खुलासा करने में जुट गई है। संदिग्ध लोगों के मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।

लोगों की मदद से थाने पहुंचा व्यापारी
रोहित ने बताया कि लूट के बाद उन्होंने अपने दोस्त को बुलाया और उसकी बाइक से तुरंत थाना भमोरा पहुंचे और जानकारी दी। थाने में सीओ आंवला और इंस्पेक्टर अपराध मौजूद थे। इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस अधिकारी आ गए। रोहित ने बताया कि यदि वह बैग न देते तो बदमाश उनकी हत्या कर सकते थे।

व्यापारियों ने सुरक्षा की मांग की
देवचरा में अनाज की बड़ी मंडी हैं। यहां प्रतिदिन करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। अनाज बेचने के लिए मंडी में किसानों के अलावा, शाहजहांपुर, जलालाबाद, बदायूं और बरेली के व्यापारी आते हैं। घटना के बाद से सभी व्यापारियों में डर है और सुरक्षा की मांग की है।

संबंधित समाचार