रोमांचक मुकाबले में यूपी ने विदर्भ को 105 रनों से हराया: कानपुर में कूच बिहार ट्राफी के अंतिम दिन रोमांच देखने को मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। कूच बिहार ट्राफी मैच के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश ने विदर्भ की टीम पर 105 रनों से जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश की नॉक आउट में पहुंचने की उम्मीद जिंदा हो गई। ग्रीनपार्क में खेले गये इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने फॉलोऑन खेलने के बाद भी रविवार को अंतिम दिन विदर्भ को चारों खाने चित करते हुए जीत हासिल की। 

चार दिवसीय मुकाबले में विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 389 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में उत्तर प्रदेश की पहली पारी 235 रनों पर ही सिमटकर फॉलोऑन खेलने को मजबूर हो गयी। दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश ने भावी शर्मा (91), कप्तान भव्य गोयल (56), कार्तिकेय सिंह (69), अमन चौहान (44) के रनों के दम पर 333 रनों का स्कोर बनाते हुए विदर्भ को 180 रनों का लक्ष्य दिया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदर्भ की टीम मात्र 74 रनों पर ढेर हो गई। उत्तर प्रदेश की जीत के नायक गेंदबाज अक्षु बाजवा बने जिन्होंने मात्र आठ रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं तीन विकेट अंकुर शर्मा तथा दो विकेट आदित्य कुमार सिंह ने लिए। कूच बिहार ट्राफी के अंतिम दिन रोमांच देखने को मिला। 

आखिरी दिन कुल 19 विकेट गिरे और पहली पारी में 154 रनों से पिछड़कर फॉलोऑन खेलने पर विवश हुई मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम के खिलाड़ियों ने चमत्कारिक प्रदर्शन करते हुए विदर्भ के जबड़े से जीत छीन ली है। अंक तालिका में मध्य प्रदेश 21 अंकों के साथ पहले, आंध्र प्रदेश 21 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। 

उत्तर प्रदेश आज मिली जीत से पांच अंक लेकर 16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। लीग में उत्तर प्रदेश को आखिरी मैच उत्तराखंड के खिलाफ खेलना है जो सात अंक लेकर चौथे स्थान पर चल रहा है। उत्तरकाशी में होने वाले आखिरी मुकाबले में यदि उत्तर प्रदेश पारी की जीत हासिल कर लेता है तो वह 23 अंक तक पहुंचकर नॉकआउट में अपना स्थान पक्का कर लेगा।

ये भी पढ़ें- कानपुर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बोले- आईआईटी कृषि क्षेत्र में भी बढ़ाए नवाचार, संस्थान के पास किसानों की आजीविका सुधारने का अवसर है

संबंधित समाचार