Cyclone Fengal: तमिलनाडु में भूस्खलन, दो परिवारों के पांच बच्चों सहित सात लोग फंसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिरुवन्नामलाई। तमिलनाडु में चक्रवात ‘फेंगल’ के कारण हुई भारी बारिश के बाद तिरुवन्नामलाई में अन्नामलाईयार पहाड़ियों की निचली ढलान पर स्थित एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिसमें दो परिवारों के पांच बच्चों सहित सात सदस्यों के फंसे होने की आशंका है।

जिला कलेक्टर डी. भास्कर पांडियन ने बचाव अभियान का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों को बताया कि वीओसी नगर में 11वीं स्ट्रीट पर स्थित घर पहाड़ियों पर भूस्खलन के बाद मिट्टी और मलबे में दब गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस, तमिलनाडु अग्निशमन और बचाव कर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद, सभी टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और फंसे हुए लोगों को बचाने का प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही है। इसके अलावा, एक बड़ा पत्थर ढलान से लुढ़कने के कगार पर है। संकरी सड़कें और अन्य बाधाओं के कारण जेसीबी जैसी भारी मशीनों को काम में नहीं लगाया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने आज सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

पांडियन ने बताया कि बचाव कर्मी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से परिवार के सदस्यों से संपर्क स्थापित करने में असमर्थ हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई घर और दोपहिया वाहन या तो क्षतिग्रस्त हो गए या आंशिक रूप से मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र के निवासियों को निकाला गया और एक सरकारी स्कूल में आश्रय दिया गया।

यह भी पढ़ें:-Gonda News: संतोष मिश्रा बने नगर कोतवाली के नए प्रभारी निरीक्षक, मनोज पाठक गए मनकापुर

संबंधित समाचार