मुरादाबाद : 'कार्बन न्यूट्रल ग्राम पंचायत पुरस्कार' से सम्मानित होंगी मिलक अमावती की प्रधान गार्गी चौधरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अब तक दो बार मुख्यमंत्री, दो बार प्रधानमंत्री व राम मनोहर लोहिया और नानाजी देशमुख राष्ट्रीय पुरस्कार से हो चुकी हैं सम्मानित

मुरादाबाद, अमृत विचार। देश में कार्बन न्यूट्रल ग्राम पंचायत का 12 बिंदुओं पर हुए सर्वे में तीसरे नंबर पर आने पर डिलारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मिलक अमावती की प्रधान गार्गी चौधरी को 11 दिसंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पुरस्कार, कार्बन न्यूट्रल पुरस्कार से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ग्राम प्रधान को प्रधानमंत्री कार्यालय से निमंत्रण और बुलावा भेजा गया है।

ग्राम प्रधान गार्गी चौधरी को ग्राम पंचायत मिलक अमावती में ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से पुरस्कार के लिए चुना गया। वह अब तक ग्राम पंचायत में अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए दो बार मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार, दो बार प्रधानमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार, एक बार राम मनोहर लोहिया पुरस्कार और एक बार नानाजी देशमुख राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। ग्राम प्रधान गार्गी चौधरी ने बताया कि 2021 से वह गांव की बेहतरी के लिए कार्य कर रही हैं। इस बार उन्होंने गांव को प्रदूषण कार्बन, ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन कम करने का काम किया है। जिससे उनका गांव कार्बन न्यूट्रल हो गया है। 

प्रधान गार्गी चौधरी के पति अनिल चौधरी ने बताया वह गांव में हित कार्य करने को संकल्पित हैं। उन्होंने बताया कि पहले प्रधानमंत्री कार्यालय से फोन आया और फिर भारत सरकार के पंचायत राज निदेशालय के आर्थिक सलाहकार विजय कुमार बेहरा का पत्र मिला है। जिसमें गार्गी को ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पुरस्कार और कार्बन न्यूट्रल पुरस्कार से सम्मानित करने की जानकारी दी गई है।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : महिला शिक्षामित्र ने पढ़ाने की जगह करवाया मसाज, ‍VIDEO वायरल होने पर BSA ने खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी जांच

संबंधित समाचार