Bareilly: गडकरी से मिले सांसद नीरज मौर्य, फरीदपुर टोल हटवाने के लिए लगाया और जोर
बरेली, अमृत विचार: फरीदपुर का अवैध टोल प्लाजा हटाने के लिए आंवला सांसद नीरज मौर्य ने पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को पत्र लिखा था, शुक्रवार को दिल्ली में उनसे मिलकर आमने-सामने बात की। सांसद के सामने ही केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई बोर्ड के सदस्य विशाल चौहान से फोन पर बात कर इस माामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर फरीदपुर में दो साल पहले शुरू किया गया टोल प्लाजा फतेहगंज पश्चिमी के पुराने टोल प्लाजा से सिर्फ 42 किमी दूर है, जबकि एनएचएआई के नियमों के मुताबिक न्यूनतम दूरी 60 किमी होनी चाहिए। लोगों को इस वजह से दोहरा टैक्स भरना पड़ रहा है। इस कारण काफी समय से फरीदपुर टोल प्लाजा का विरोध भी किया जा रहा है। सांसद ने मंत्री को याद दिलाया कि तीन महीने पहले लिखे गए उनके पत्र पर उन्होंने जांच का आदेश दिया था लेकिन उसके बाद क्या प्रगति हुई, उन्हें अब तक जानकारी नहीं मिली है।
सांसद ने बताया कि मंत्री ने उनके सामने ही एनएचएआई बोर्ड के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी विशाल चौहान से फोन पर बात उनकी पुरानी शिकायत पर कार्रवाई न होने का जिक्र किया। इसके बाद गडकरी ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले में जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के बाद आंवला सांसद ने भी विशाल चौहान से बात कर फरीदपुर से टोल प्लाजा जल्द शिफ्ट कराने का आग्रह किया। आंवला सांसद ने अमृत विचार को बताया कि फरीदपुर टोल प्लाजा पर लिया जा रहा टैक्स अवैध वसूली की श्रेणी में आता है। वह इसे बंद कराने के लिए जल्द ही एनएचएआई के निदेशक संतोष यादव से भी मिलेंगे।
पीडी बोले- मुख्यालय से ही नहीं आया मंत्री के पत्र का जवाब
सांसद नीरज मौर्य की शिकायत पर पिछले दिनों नितिन गडकरी ने एनएचएआई बरेली के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे। सांसद को यह जानकारी पत्र भेजकर दी गई थी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक प्रशांत दुबे का कहना है कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के कार्यालय से पत्र आया था। लेकिन टोल शिफ्ट करने की प्रक्रिया उनके स्तर पर नहीं हो सकती। इसलिए उन्होंने इससे संबंधित सारी जानकारी मुख्यालय भेज दी थी। मुख्यालय से उनके पत्र का कोई जवाब अब तक नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- Bareilly: स्मार्ट सिटी में इधर-उधर ताक रहे हैं 260 सीसीटीवी कैमरे, गतिविधियां भी नहीं हो रहीं रिकॉर्ड
