Amrit Vichar Impact: अयोध्या में रेलिंग विहीन पुलिया का शुरू हुआ निर्माण
मवई/अयोध्या, अमृत विचार। बीते दिनों रेलिंग विहीन पुलिया की वजह से मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे एक युवक की बाइक गड्ढे में गिर गई थी जिससे युवक की मौत हो गई थी। इससे पूर्व भी इस रेलिंग विहीन पुलिया से टकराकर कई वाहन गड्ढे में गिरे थे। जिससे कई लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं।
इस समस्या को 'अमृत विचार' ने शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से छापा था, जिसे पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए शनिवार से पुलिया पर रेलिंग निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासी राकेश यादव, सरवन यादव ने बताया कि कई वर्षों से इस पुलिया की रेलिंग टूटी हुई थी जिसकी शिकायत तहसील दिवस से लेकर जिलाधिकारी तक किया गया था लेकिन लघु सिंचाई विभाग व लोक निर्माण विभाग एक दूसरे को जिम्मेदार बताते हुए कार्य नहीं करवा रहे थे। आए दिन दुर्घटनाओं का सबब बन रहा था।
लोगों ने बताया कि शनिवार से ठेकेदार द्वारा पुलिया पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस संबंध में अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी विकल्प कनौजिया ने बताया कि मौके पर ठेकेदार को भेजकर पुलिया बनाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में पुलिया और रेलिंग बन जायेगी।
ये भी पढ़ें- NREGA से जुड़े मुख्य नियम और शर्तें, जानिये कैसे और किसे मिलता है गारंटीड रोजगार
