बाराबंकी: पुल को लेकर 25वें दिन भी जारी रहा ग्रामीणों का धरना, बढ़ रहा आक्रोश
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के पाराहाजी गांव में पुल को लेकर 25वें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। धरने में बैठे भारतीय किसान यूनियन सहित ग्रामीणों में अब आक्रोश पनपने लगा है। धरना प्रदर्शन के दौरान लोग शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं।
तहसील रामसनेहीघाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाराहाजी गांव के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से बाजपुर कल्याणी नदी घाट पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी मांग अभी तक पूरी नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि कल्याणी नदी घाट बाजपुर पर पुल बन जाने से जहां लंबा सफर तय करना नहीं पड़ेगा। वहीं लोगों को तहसील व अन्य स्थानों पर आने जाने के लिए समय की बर्बादी से भी बचाया जा सकता है।
बीते लोकसभा चुनाव में पुल की मांग को लेकर के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार भी किया था। इसके बाद मौके पहुंचे अधिकारियों और नेताओं ने चुनाव के बाद पुल बनाने का आश्वासन दिया था। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी जब पुल बनाने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो यहां के ग्रामीण अपनी मांग को पूरा करने के लिए धरना प्रदर्शन करने को विवश हो गए। इस धरने को भारतीय किसान यूनियन सहित अन्य संगठनों में भी अपना समर्थन दे दिया है।
ये भी पढ़ें - बदायूं : गोवंश को बचाने के चक्कर में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, युवक की मौत
