अयोध्या: हॉलीवुड के सितारों ने अवध में बांधा समां, 368 फिल्मों में से चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। देश-दुनिया के फिल्मी जगत के सितारों ने अयोध्या फिल्म फेस्टिवल के 18वें संस्करण में अवध की शाम में चार चांद लगाए तो दर्शकों ने भी फिल्म के पीछे की मेहनत को करीब से समझा। फेस्टिवल के दूसरे दिन गुरुनानक अकादमी इंटर कॉलेज सभागार में तीन सत्र के आयोजन में दर्शकों ने देश दुनिया से आए कलाकार और निर्देशकों से साक्षात्कार किया और फिल्मों के पीछे की दुनिया से भी अवगत हुए।

प्रथम सत्र में फिल्म वर्कशॉप के दौरान फिल्म मेकिंग सत्र में फिल्मों के बेसिक्स, निर्माण आदि के बारे में विशेषज्ञों ने मंच से दर्शकों को अवगत कराया। स्विटजरलैंड के फिल्म निर्माता निर्देशक और अभिनेता उवे श्वार्जवेल्डर ने विदेश में फिल्म निर्माण की बारीकियों को सिखाया। पेरिस के निर्देशक जेरेमी ब्रुनेल, इटली के आंद्रिया फोर्टिस और डॉ. मोहन दास ने भी फिल्म निर्माण और चुनौतियों और तकनीकी पक्ष पर सत्र के दौरान चर्चा की। 

दूसरे सत्र में पुस्तक परिचर्चा रही, जिसमें सूर्य प्रताप राय रेपल्ली की काव्य संग्रह ’झील सी आंखों में’ का विमोचन हुआ तो वहीं अभिषेक शर्मा की कहानी संग्रह इश्क के अस्सी घाट पर काशी की कहानियों ने चर्चा बटोरी। तीसरे सत्र में फिल्मों का सिलसिलेवार प्रदर्शन और फिल्म मेकर्स से बातचीत का रहा। तीसरे दिन सुबह दस बजे से काया: द मिशन ऑफ लाइफ, फ्रेंड बुक, श्री मुंबई ना समाचार : 200 नॉट आउट, बयाकेगालू बेरूरीडागा, अमर आज मरेगा, मैया आदि फिल्मों का प्रदर्शन होगा। 

WhatsApp Image 2024-12-08 at 16.55.44_1d57be31
काकोरी फोटो प्रदर्शनी देखते लोग

इसके साथ ही फिल्मों के लिए अवार्ड सेरेमनी के आयोजन के साथ अगले साल फिर फिल्मों का मेला सजाने के वादे के साथ विराम पाएगा। उवे श्वार्जवेल्डर का अयोध्या के बाद जयपुर होते हुए ढाका जाने का प्रोग्राम था मगर वहां के हालात से चिंतित हैं। वहां जाकर फिल्मों की संभावनाओं पर काम करना था मगर हालात में सुधार नहीं हुआ तो दौरा रद्द करने पर भी विचार कर रहे हैं।

टीवी सीरीज डिस्कवरी ऑफ इंडिया, इंतजार, फिल्म स्कैंडल के बाद कई नई वेब सीरीज से जुड़े संजीव वीरमानी ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के मंच पर आना काफी सुखद रहा है। अयोध्या में संभावनाएं और फ्लेवर दोनों हैं। बड़ी बात है कि यहां प्रदूषण नहीं है। लोगों में मिठास है। बाहर के लोगों को अपनाते हैं।

कोरोना काल की भी दुश्वारियों से गुजरा सिनेमा
’ए लाइफ इन टेंडम’ डॉक्यूमेंट्री फिल्म देव मुखर्जी की है। फिल्म पंजाब से लेकर विदेशों तक के कोरोना काल के दौरान के हालातों में कैंसर जैसे विषयों को लेकर पड़ताल करती है। लंदन से बीजिंग तक साइकिल से कैंसर अवेयरनेस पर बनी फिल्म भी प्रदर्शित हुई। 

काकोरी शताब्दी वर्ष पर लगी प्रदर्शनी
फिल्म समारोह के संस्थापक निदेशक डॉ. शाह आलम ने बताया कि आयोजन के दौरान काकोरी शताब्दी वर्ष के आयोजन पर प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें काकोरी के क्रांतिवीरों से जुड़ी तस्वीर और दस्तावेजों को भी प्रदर्शित किया गया है। आयोजन के अंतिम दिन फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी में फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- अयोध्या में तेजी से बदल रहा है मौसम, बढ़ी ठंड, बूंदाबांदी के आसार

संबंधित समाचार