अतीक अहमद मर गए लेकिन हम जिंदा हैं: Kanpur में पड़ोसी ने दी धमकी, कहा- पूरे परिवार को कैसे गायब करा देंगे पता नहीं चलेगा
कानपुर, अमृत विचार। जूही थानाक्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां नहाने और सफाई को लेकर दो पड़ोसी आपस में भिड़ गए। विवाद के दौरान एक पक्ष ने धमकी दी कि उसका बहनोई प्रयागराज वाले अतीक अहमद गिरोह का सदस्य है। अतीक तो मर गए है मगर हम सब अभी जिंदा है। कहा कि पूरे परिवार को कैसे गायब करा देंगे पता नहीं चलेगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परमपुरवा जूही निवासी हिबा खान ने दर्ज एफआईआर में बताया कि उनके घर और मोहल्ले में नगर निगम ने बारिश काल पानी निकालने के लिए नाली बनवाई थी। जिसमें केवल बारिश का पानी की निकासी हो सके। रिपोर्ट में आगे हिबा ने बताया कि उनके पड़ोस में मोहम्मद नफीस खान अपने तीन बेटों मो शाहरूख खान, सुल्तान व कामरान खान के साथ रहते हैं।
बताया कि यह सभी लोग उनके घर के सामने खड़े होकर स्नान करते हैं और गंदगी उसी नाली में डाल देते हैं। एफआईआर में बताया कि उसे इस बात का विरोध किया उन लोगों ने गालीगलौज की। आरोप है, धमकी देते हुए कहा कि तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी। हमारे बारे में तुम अभी जानती नही हो। उनके बहनोई मोहम्मद आरिफ नैनी प्रयागराज के अतीक अहमद (पूर्व सांसद) व अशरफ (पूर्व विधायक) के साथ अच्छे संबंध रहे हैं।
बहनोई मोहम्मद आरिफ उनके गैंग का आदमी हैं। धमकी दी कि वह जब चाहेंगे उन लोगों को गायब करवा देंगे। अतीक अहमद तो मर चुके है लेकिन हम लोग अभी जिंदा हैं। उनके सारे काम बहनोई आरिफ द्वारा ही किए जाते थे। इसके बाद पीड़िता व उसके परिवार पर लाठी डंडों ईंट से हमला कर दिया। इस संबंध में जूही प्रभारी निरीक्षक के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर मो नफीस खान, मो शाहरूख खान, सुल्तान, कामरान खान, मो आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
