बरेली: तेल में भी मिलावट का खेल, इन चीजों को भी खरीदते वक्त रहें सतर्क
बरेली, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तेल और वनस्पति घी में मिलावट कर खेल करने वालों के खिलाफ बड़ी छापेमारी की। टीम ने गुरुवार को ज्यादातर किराना स्टोरों पर छापा मारकर तेल और वनस्पति घी के नमूने लिए। तेल और वनस्पति घी में मिलावट की आशंका व अन्य कमियों के चलते सैकड़ों …
बरेली, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तेल और वनस्पति घी में मिलावट कर खेल करने वालों के खिलाफ बड़ी छापेमारी की। टीम ने गुरुवार को ज्यादातर किराना स्टोरों पर छापा मारकर तेल और वनस्पति घी के नमूने लिए। तेल और वनस्पति घी में मिलावट की आशंका व अन्य कमियों के चलते सैकड़ों लीटर तेल और वनस्पति घी जब्त कर सीज किया है। इसकी कीमत 11 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है।
इतनी बड़ी कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई है। टीमों की छापेमारी आगे भी इसी तरह से जारी रहेगी। इस वर्ष दिवाली पर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार बड़ी कार्रवाई कर रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्रा के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीमों ने सीबीगंज में अनिल किराना स्टोर से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना, विशाल मेगा मार्ट सिविल लाइंस से कच्ची घानी मस्टर्ड ऑयल एवं बेसन का एक-एक नमूना, केसपुर फरीदपुर से मै बुगे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से गगन वनस्पति के 151 कार्टून कीमत लगभग (319908) रुपये, डालडा मस्टर्ड ऑयल 3996 पैकेट कीमत लगभग (212707 रुपये), 860 लीटर ग्राउंड नट ऑयल कीमत लगभग (131227 रुपये), 3524 लीटर डालडा प्योर मस्टर्ड ऑयल कीमत (456111 रुपये) सीज किया गया। यहां से सभी का एक-एक नमूना लिया गया।
टीम ने इसके अलावा मुड़िया जागीर में वसीम किराना स्टोर से 4 टिन राज कोल्हू रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल (कीमत 5410 रुपये) सीज किया गया। इसका एक नमूना भी लिया गया। मुड़िया जागीर से ही भोला किराना स्टोर से पामोलीन रिफाइंड ऑयल के 14715 रुपये कीमत के 12 टिन सीज किए गए। इसका एक नमूना भी लिया गया।
इसके अलावा टीम ने सतीपुर चौराहा से मिष्ठी डेयरी से पनीर का एक नमूना, लोहिया विहार सीबीगंज से अग्रवाल जी स्टोर से सोनपापड़ी का एक नमूना, पुराना रोडवेज बस स्टैंड बहेड़ी से न्यू पंजाब डेयरी से घी का एक नमूना, मुड़िया जागीर से वसीम किराना स्टोर से रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल का एक नमूना, उड़ला जागीर से एमएम किराना स्टोर से एमपी जी स्पेशल सूजी रस्क का एक नमूना, नकटिया में जेपी स्वीट्स से मलाई लड्डू का एक नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
अनाज और मसालों में भी हो रही मिलावट
दूध, मिठाई, तेल के साथ ऐसी कोई खाद्य सामग्री नहीं बची है जिसमें मिलावट न की जा रही हो। यह हम नहीं कह रहे बल्कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के द्वारा लिए गए नमूनों की रिपोर्ट कह रही है। विभाग की रिपोर्ट पर गौर करें तो इस वर्ष अनाज और मसालों के भी कई नमूने फेल हो चुके हैं। ज्यादातर की रिपोर्ट अधोमानक आयी है। इसके अलावा कई की रिपोर्ट असुरक्षित भी आयी है। मिसब्रांड मसाले व अनाज भी मार्केट में सप्लाई किए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर तक अनाज के 34 नमूने लिए। इसमें से 27 की रिपोर्ट आयी। इनमें से 15 की रिपोर्ट अधोमानक आयी है। इसके अलावा 2 नमूनों की रिपोर्ट असुरक्षित आयी है और 2 मिसब्रांड भी पाए गए हैं। इसका मतलब साफ है कि अनाज के 70 प्रतिशत नमूने फेल हुए हैं। इसके अलावा टीम ने मसालों के 10 महीने में 16 नमूने लिए, जिसमें से 12 की रिपोर्ट आयी है। इनमें 2 की रिपोर्ट अधोमानक, 1 की असुरक्षित, 3 की मिसब्रांड, और एक की नियमों को तोड़कर बनाने की आयी है। इस वर्ष वनस्पति के 2 नमूनों की रिपोर्ट अधोमानक और एक की असुरक्षित आयी है।
