बाराबंकी: टीआई की डांट से सदमें में आया रोडवेज बस परिचालक, मौत...परिजनों ने की ये मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जांच के दौरान रोजवेज बस के परिचालक को हार्टअटैक पड़ गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने जांच कर रहे टीआई पर डांटने धमकाने का आरोप लगाया। जिसका सदमा लगने से उनकी मौत हो गई। पुत्र की तहरीर पर मसौली थाने की पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे देवा रोड स्थित बस स्टेशन से अनुबंधित बस चालक मोहम्मद अहमद लेकर निकले और नए बस स्टेशन पर पहुंचे। डीजल भराने और यात्रियों को बैठाने के बाद बस टिकैतनगर के लिए रवाना हुई। परिचालक सुरेश चंद्र सैनी निवासी ग्राम जेवरी थाना मसौली ने बस में बैठे यात्रियों का टिकट बनाना शुरू किया। इसी बीच बस मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहावपुर के पास पहुंची तो यहां पर टीआई मोहम्मद अशरफ ने बस को जांच के लिए रोका। परिचालक सुरेश चंद्र सैनी से टिकट मशीन लेकर यात्रियों से टिकट के बारे में पूछताछ की। करीब 10 यात्रियों का टिकट नहीं बने होने पर परिचालक को नीचे बुलाया और पूछताछ की। 

WhatsApp Image 2024-12-10 at 17.37.25_788204d7

आरोप है कि उन्होंने परिचालक से मशीन और बैग छीन लिया व नौकरी से निकालने के साथ जेल भेजने की धमकी देने लगे। इसी दौरान परिचालक सुरेश चंद्र सैनी के सीने में दर्द हुआ। कुछ ही देर में बेहोश हो गए। परिचालक की हालत बिगड़ता देख टीआई ने परिचालक को किसी अस्पताल न भेजकर नए बस स्टेशन ले जाने के लिये कहा। नए बस स्टेशन पहुंचते-पहुंचते परिचालक सुरेश चंद्र की हालत ज्यादा बिगड़ गई। हालत बिगड़ता देख साथी परिचालक सुरेश चंद्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने परिचालक सुरेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। 

सूचना पर पहुंचे परिजनों ने टीआई पर डांटने धमकाने से सदमा लगने व हार्ट अटैक होने से मौत होने का आरोप लगाया है। परिजनों ने परिवहन विभाग से नौकरी और मुआवजे की मांग की है। मृतक परिचालक सुरेश चंद्र सैनी के पुत्र इन्द्रेश सैनी ने आरोप लगाया कि टीआई अशरफ अली द्वारा पिता से हाथापाई भी की गई। अवैध वसूली को लेकर गाली देते हुए नौकरी खा जाने का दबाव बनाने लगे। इतना प्रताड़ित कर दिया कि वह बेहोश होकर गिर गए। 

चालक मोहम्मद अहमद ने बताया कि परिचालक सुरेश चंद्र सैनी बस में टिकट बना रहे थे। इसी बीच टीआई ने रास्ते में बस को चेकिंग के लिये रोका और परिचालक को डांटने फटकारने लगे। चालक ने आरोप लगाया कि टीआई ने नौकरी से निकालने की भी धमकी दी। जिससे परिचालक की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।

रूट न होने के बाद भी कर रहे थे चेकिंग
जानकारी के मुताबिक टीआई मोहम्मद अशरफ को चेकिंग के लिये फतेहपुर रूट निर्धारित है। लेकिन उसके बाद भी वह रामनगर रूट पर रोजवेज बस चेकिंग कर रहे थे। इस बात पर एआरएम सुधा ने बताया कि टीआई मोहम्मद अशरफ रामनगर रूट पर बस चेकिंग क्यों कर रहे थे, इस बात की जानकारी नहीं है। वह पूरे मामले की जांच करेंगी और आगे की कार्रवाई करेंगी।

हड़ताल की दी चेतावनी
मृतक संविदा परिचालक सुरेश चंद्र सैनी दो साल पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके थे। उसके बाद दोबारा सेवा विस्तार कराते हुए संविदा पर कार्य कर रहे थे। रोडवेज परिचालकों की यूनियन ने मामले में दोषी टीआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। परिचालक संघ के अध्यक्ष तनवीर का कहना है कि परिचालक को सही समय पर इलाज मिल जाता तो उनकी जांच बचाई जा सकती थी। यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर दोषी टीआई पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह सभी हड़ताल करने को मजबूर होंगे।

अनुबंधित बस के परिचालक की मौत हुई है। टीआई मोहम्मद अशरफ और परिचालक सुरेश चंद्र सैनी के बीच क्या बात हुई। किस कारण से परिचालक की तबीयत खराब हुई। आरएम लखनऊ को पत्र भेज टीआई की जांच के लिए विभागीय टीम गठित की गई है। इस घटना के बाद टीआई मोहम्मद अशरफ को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय से संबंद्ध कर दिया गया है। मौके पर ड्राइवर समेत मौजूद लोगों के बयान लेकर पूरे मामले की जांच कराएंगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी-सुधा, एआरएम।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: ATM कार्ड बदलकर खाते से निकाल लिए 47 हजार से अधिक रकम, पुलिस से की शिकायत

संबंधित समाचार