बाराबंकी: ATM कार्ड बदलकर खाते से निकाल लिए 47 हजार से अधिक रकम, पुलिस से की शिकायत
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल धोखाधड़ी करके युवक के खाते से 47 हजार 600 रुपए निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक सुबेहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमीन हुसैनाबाद गांव निवासी अंसार अहमद पुत्र वालिम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती 9 दिसंबर को हैदरगढ़ गया हुआ था। तभी अचानक पैसे की जरूरत पड़ने पर वह हैदरगढ़ सुबेहा तिराहे पर स्थित सेंट्रल बैंक के पास लगे एटीएम पहुंचा। वहां पर पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उससे एटीएम कार्ड ले लिया और मशीन में लगाने के बाद नेटवर्क काम न करने की बात कहकर वापस कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद ही युवक के मोबाइल फोन पर खाते से पैसा कटने का मैसेज आया। जिसे देखते ही उसके होश उड़ गए।
आनन फानन में मामले की जानकारी देने के लिए जब तक वह सुबेहा स्थित बैंक शाखा तक पहुंचता। तब तक उसके खाते से 47 हजार 600 निकल चुके थे। धोखाधड़ी के शिकार युवक ने बैंक प्रबंधन को मामले की जानकारी देने के बाद थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- Barabanki News : स्कूल में भतीजे की पिटाई की शिकायत करने पहुंचे चाचा से प्रबंधक ने की धक्का-मुक्की
