लखनऊ: भारतीय मजदूर संघ का महासंपर्क अभियान शुरू, लोगों को जोड़ने के लिए लॉन्च किया वेबसाइट और ऐप

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश भारतीय मजदूर संघ ने प्रदेश भर में संगठन विस्तार को लेकर महासंपर्क अभियान की शुरुआत गुरुवार को प्रेसक्लब से कर दी है। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ उत्तर-मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम व प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने बीएमएस यूपी की वेबसाइट व ऐप की लॉन्चिंग भी की है। 

क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने कहा कि हमें गांव से लेकर उद्योगों तक संगठन की पहुंच बनानी है। सभी श्रमिकों मजदूरों में हमारी ग्राह्यता हो, सभी मजदूर-श्रमिक अपने अधिकारों को जानें और अपने कर्तव्यों को निभाकर अपने उद्योग, समाज की उन्नति करें। जिससे देश का विकास हो। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में डिजिटलीकरण देश के सतत विकास के लिए किए जाने वाले हर कार्य के लिए अनिवार्य है। भारतीय मजदूर संघ ने प्रदेश के 2 करोड़ लोगों से संपर्क करने का लक्ष्य रखा है। आशा है कि बीएमएस के इस ऐप के माध्यम से हम ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क कर उन्हें भारतीय मजदूर संघ से जोड़ पाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 में हुई। आज 70वें वर्ष में भारतीय मजदूर संघ प्रवेश कर रहा है। 70 वर्ष की यात्रा में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने देश के प्रथम क्रमांक के श्रम संगठन का दर्जा प्राप्त किया है। यह सभी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय ने वेबसाइट व ऐप की लॉन्चिंग के अवसर पर कहा कि कोई श्रमिक क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां भारतीय मजदूर संघ का कार्य नहीं है। इस 70वें वर्ष में संगठन ने कुछ लक्ष्य रखे हैं, जिनको पूर्ण करने के लिए भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता पूरी लगन व निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। महासंपर्क अभियान के दौरान टोलियों के कार्यकर्ता ऐप के माध्यम से विवरण भरकर लोगों को संगठन के साथ जोड़ने का कार्य करेंगे।

इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता कुसुम मिश्रा, प्रदेश संगठन मंत्री रामनिवास सिंह, संभाग संगठन मंत्री श्रीकाल अवस्थी, विभाग प्रमुख सुशील श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री राय प्रदीप चंद्र, जिलाध्यक्ष मिथिलेश, एनएचएम के महामंत्री योगेश उपाध्याय, प्रदीप सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। 

ये भी पढ़ें- मेरठ में आठ साल की बच्ची की हत्या मामले का आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार का घोषित था इनाम

संबंधित समाचार