कन्नौज में अगरबत्ती बुरादा फैक्ट्री में लगी आग: लाखों की मशीनें, माल जला, दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत कर पाया काबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला बजरिया शेखाना में अगरबत्ती बुरादा पिसाई फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे मशीनों समेत अन्य सामान व बुरादा जकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बजरिया शेखाना निवासी अब्दुल्ला खलीफा व बसीउद्दीन की की बुरादा पिसाई की फैक्ट्री है। सोमवार की सुबह अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख लोगों ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग घटना की ओर भागे। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू का पाने का प्रयास किया। 

लोगों ने दमकल व पुलिस को सूचना दी। इस पर कोतवाली पुलिस ने दमकल की टीम को मौके पर बुलाया। दमकल टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। 

आग लगने से फैक्ट्री में लगी बुरादा पिसाई चक्की, टैंक, साइकिल, कमरों में रखा सामान समेत पूरी फैक्ट्री का सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। इससे पहले भी इसी बुरादा फैक्ट्री में आग लग चुकी है। कुछ लोगों का कहना है कि लापरवाही के चलते फैक्ट्री में आग लगने की घटना हो रही है। इस संबंध में सीओ सदर कमलेश कुमार का कहना है कि आग लगने से कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस व दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया।

ये भी पढ़ें- यात्रीगण कृपया ध्यान दें! महाकुंभ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को दी खुशखबरी, इटावा को मिली छह जोड़ी विशेष ट्रेन

संबंधित समाचार