Kannauj: महिलाओं का बीडीओ पर हमला, मेज के नीचे घुसकर बचाई जान...खूब चले लात-घूंसा और कुर्सियां, पांच घायल
सचिव की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कागजात फाड़ने एवं मारपीट की लिखी रिपोर्ट
कन्नौज, सौरिख, अमृत विचार। खड़िनी में स्थित ब्लॉक मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को किसी बात को लेकर संविदा कर्मचारी से महिलाओं का झगड़ा हो गया। बात बढ़ने पर कर्मचारी एवं महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में सचिव समेत पांच लोग घायल हो गए। दूसरी ओर बीडीओ ने मेज के नीचे घुसकर जान बचाई। सचिव की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं पर सरकारी कागजात फाड़ने एवं मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
खड़िनी में स्थित विकासखंड परिसर में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में ब्लॉक मिशन प्रबंधक सत्येंद्र कुमार तैनात हैं। बताया गया है कि उनका सकरावा थाना क्षेत्र की पट्टी गांव निवासी रीना यादव, सरोज यादव निवासी हसनपुर सकरावा एवं शकुंतला यादव निवासी हसनपुर से फाइल फाड़ने पर विवाद हो गया था।
इसी को लेकर शकुंतला ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक पर गलत तरीके से शरीर छूने का आरोप लगाते हुए चप्पल से पीट दिया। साथ ही महिलाएं बीडीओ निरंजन त्रिवेदी के कार्यालय में पहुंचकर ब्लॉक मिशन प्रबंधक की शिकायत करने पहुंची। तभी वहां अन्य लोग भी पहुंच गए जिससे दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे एवं कुर्सियां चलने लगीं।
आरोप है कि महिलाओं ने कुर्सी से बीडीओ पर हमला किया, लेकिन बीडीओ ने मेज के नीचे घुसकर बचाव किया। मारपीट के दौरान ब्लॉक मिशन प्रबंधक सत्येंद्र कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर विजय किशोर, ग्राम पंचायत सचिव राज विक्रम सिंह, बीएमएम रितु गुप्ता, कीर्ति शाक्य घायल हो गए। सचिव की तहरीर पर पुलिस ने महिलाओं पर रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया।
घटना के बाद थाने पहुंचे कई प्रधान
विकास खंड मामले की सूचना मिलते ही कई ग्राम प्रधान एवं पंचायत मित्र थाने पर इकट्ठा हो गए। जिसमें जसवंत यादव, मुदमंगल सिंह यादव, अनिल राजपूत, मोनू चौहान, मोहम्मद अहमद अली, सरफुद्दीन मौजूद रहे। दूसरी ओर रिपोर्ट लिखाने के दौरान बीडीओ भी पहुंचे।
ब्लॉक मिशन प्रबंधक पर रिश्वत मांगने के आरोप
सकरावा थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी शकुंतला यादव ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक पर सीएलएफ चुनाव कराने के लिए प्रति फाइल 2500 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं। साथ ही महिला के आरोप हैं कि रिश्वत का विरोध करने पर फाइल फाड़ कर फेंक दी और गलत नीयत से हाथ रखकर धक्का देकर भगा दिया। जिसको लेकर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
विरोध में कर्मचारियों ने बंद किया काम, अफसर पहुंचे
कर्मचारियों के साथ एवं प्रपत्र फाड़ने की जानकारी मिलते ही परिसर में मौजूद एडीओ आईएसबी राज बहादुर वर्मा, एडीओ पंचायत अतुल मिश्रा, जेई संदीप कुमार ने अपने-अपने कार्यालय में ताला डाल दिया और थाने पहुंच गए। साथ ही क्षेत्र में गए सचिवों ने कामकाज बंद कर दिया। सभी ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया। घटना की जानकारी मिलते ही डीडीओ नरेंद्र देव द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी ने ब्लॉक कर्मियों के पक्ष में खड़े होकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
