सौमित्र चटर्जी का निधन देश के सांस्कृतिक जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति: मोदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को बांग्ला फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता सौमित्र चटर्जी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका दिवंगत होना विश्व सिनेमा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूरे देश के सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। सौमित्र चटर्जी का 85 वर्ष की उम्र में रविवार को …

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को बांग्ला फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता सौमित्र चटर्जी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका दिवंगत होना विश्व सिनेमा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूरे देश के सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। सौमित्र चटर्जी का 85 वर्ष की उम्र में रविवार को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘श्री सौमित्र चटर्जी का निधन विश्व सिनेमा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और पूरे देश के सांस्कृतिक जीवन के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके निधन से अत्यंत दुख हुआ है। परिजनों और प्रशंसकों के लिए मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!’’

चटर्जी ने प्रख्यात फिल्म निर्देशक दिवंगत सत्यजीत रे की 14 फिल्मों समेत 300 से ज्यादा अन्य फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने समानांतर सिनेमा के साथ ही व्यवसायिक फिल्मों में ‍विभिन्न किरदारों में खुद को बखूबी ढाला। उन्होंने मंच पर भी अभिनेता, पटकथा लेखक और निर्देशक के तौर पर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया।

सौमित्र चटर्जी को कोविड-19 से पीड़ित होने के बाद छह अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कई अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। फिल्म ‘‘अपुर संसार’’ से फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले चटर्जी ने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी।

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सौमित्र चटर्जी के निधन पर रविवार को गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा ने आज अपना एक ‘‘रत्न’’ खो दिया, जिसने बांग्ला सिनमा को नयी ऊंचाइयां प्रदान कीं। शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘सौमित्र चटर्जी जी के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। वे एक प्रतिष्ठित कलाकार थे, जिसने बांग्ला सिनेमा को नयी ऊंचाइयां प्रदान कीं। सौमित्र दा के रूप में भारतीय सिनेमा ने आज अपना एक रत्न खो दिया। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और उनके चाहने वालों के साथ हैं। ओम शांति।’’

नड्डा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रख्यात बंगाली कलाकार श्री सौमित्र चटर्जी के निधन पर गहरा दुख पहुंचा है। उनका लंबा और उत्कृष्ट करियर रहा और इस दौरान उन्होंने अभिनय के लिए कई पुरस्कार हासिल किए। वह युवा पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार के सदस्यों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’

संबंधित समाचार