अमरोहा : पैदल मार्च निकालने पर कांग्रेसियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्कामुक्की
अमरोहा, अमृत विचार। कांग्रेसियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में आंबेडकर प्रतिमा चौराहे पर धरना दिया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग को लेकर कांग्रेसी सड़क पर गरजे और नारेबाजी की। महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका तो धक्कामुक्की हो गई। इसके बाद कांग्रेसी धरने पर बैठ गए। कांग्रेसियों ने अमित शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुधीर कुमार सिंह को सौंपा।
मंगलवार को कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे कार्यवाहक जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया एवं कार्यवाहक शहर अध्यक्ष फैज आलम रायनी के संयुक्त नेतृत्व में आंबेडकर मूर्ति चौराहे पर एकत्रित हुए। सभी ने बाबा साहब के सम्मान में अमरोहा शहर में स्थित आंबेडकर पार्क से बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उनको नमन किया। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च निकाले की कोशिश करने लगे लेकिन नगर कोतवाल पंकज तोमर, डिडौली कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने बलपूर्वक रस्सा बांधकर उन्हें रोक लिया। कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने कहा कि सरकार लोकतंत्र और प्रजातंत्र की हत्या करके संवैधानिक मूल्यों का हनन करके पैदल मार्च को रस्सियां बांधकर बल प्रयोग करके रोक दिया। इससे सिद्ध होता है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी पूरी तरह बाबा साहब की विरोधी है। बाबा साहब के सम्मान में जो कांग्रेस पार्टी मार्च निकाल रही है उसको रोक कर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रदेश की योगी सरकार भी बाबा साहब का सम्मान नहीं करती। कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह माफी मांगें। देश के लोग यह अपमान नहीं सहेंगें।
कार्यवाहक जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया ने कहा कि जिसने भारत को संविधान दिया हमें समानता का अधिकार दिया उन्हें देश के गृह मंत्री अपमानित कर रहे हैं। 17 दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के बारे में राज्यसभा में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए काफी देर तक धरने पर बैठे रहे। एसडीएम के पहुंचने पर कांग्रेसियों ने धरना समाप्त किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार को सौंपा। इसमें मांग की गई है कि बाबा साहब का अपमान करने वाले देश के गृहमंत्री अमित शाह को तुरंत बर्खास्त किया जाए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से शहर अध्यक्ष फैज आलम रायनी, प्रदेश सचिव चौधरी सुखराज सिंह, जिला महासचिव राजकुमार अरुण, खुर्शीद अनवर, शाहिद सिद्दीकी, चौधरी नरेंद्र सिंह, अब्दुल सत्तार सैफी, सचिन चौहान, ओम प्रकाश पवार, हरिओम पुष्कर, अकरम अली, हरस्वरूप प्रधान, अली इमाम रिजवी, जीशान अली, तालिब इदरीसी, यासिर अंसारी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

गृहमंत्री का पुतला फूंकने का वीडियो वायरल
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव में गृहमंत्री का पुतला जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाने का वीडियो थाना सैदनगली के गांव भदौरा का बताया जा रहा है। आरोप है कि गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया है और उनकी इस टिप्पणी के खिलाफ विरोध जताते हुए उन्हें उनके पद से हटाने की मांग की जा रही है। वायरल वीडियो में गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाने वाले अमित शाह हाय-हाय के नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुतला जलाने का वीडियो वायरल का मामला जानकारी में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो के बाद ही मामले की जानकारी हुई है। जांच पड़ताल कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें- अमरोहा : ढांग गिरने से मिट्टी में दबीं चाची-भजीती, छात्रा की मौत
