बदायूं : युवक की हत्या करके हजारा नहर में फेंका शव, नहीं हुई शिनाख्त

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुए थे युवक के हाथ और पैर, गले में पड़ी थी रस्सी

विजय नगला/बिनावर, अमृत विचार। युवक की हत्या करके बिनावर क्षेत्र में हजारा नहर में शव डाल दिया गया। खेत पर जा रहे ग्रामीणों ने शव नहर में उतराता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नहर से बाहर निकाला गया। युवक के हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुए थे। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवाया है। माना जा रहा है कि रस्सी से गला घोंटकर युवक की हत्या की गई होगी। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। 

थाना बिनावर क्षेत्र के गांव सिकरोड़ी के ग्रामीण बुधवार सुबह लगभग नौ बजे अपने खेत पर जा रहे थे। रास्ते में रसूलपुर से नवादा तक जाने वाली हजारा नहर में एक शव उतराता देखा। ग्रामीणों ने फोन करके गांव में सूचित किया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई लेकिन किसी ने शव को बार नहीं निकाला। पुलिस को सूचना दी दी। थाना बिनावर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के गांवों के लोग भी आ गए। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। उसे हाथ और पैर हरे रंग की प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुए थे। वह सफेद रंग की टीशर्ट पहने है और ऊपर से लाल व काली स्वेटशर्ट पहने है। गले में छोटी माला पहने है। चेहरा काला पड़ गया था। फारेंसिक टीम मौके पर आई और साक्ष्य एकत्र किए। आसपास मौजूद ग्रामीणों से युवक के बारे में जानकारी की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है। आसपास के गांव और थाना क्षेत्रों में फोटो भेजकर शिनाख्त का प्रयास किया गया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि नहर में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बदायूं : अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या करने के दोषी को उम्रकैद

संबंधित समाचार