शाहजहांपुर: फोन पर किसी से बात कर नंबर डिलीट कर देती थी पत्नी, इसलिए मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पत्नी की पीटकर हत्या करने वाले सोहन सिंह ने कबूला जुर्म

पुवायां, अमृत विचार। मुड़िया वैश्य गांव में पीट-पीट कर पत्नी की जान लेने वाले सोहन सिंह ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूला है। आरोपी ने कहा कि उसकी पत्नी रागिनी फोन पर किसी से बात करती थी और नंबर डिलीट कर देती थी। ऐसा कई बार हो चुका था। सोमवार शाम भी रागिनी किसी से फोन पर बात कर रही थी, उसने नाम पूछा तो उसने नहीं बताया। इसके बाद वह शराब पीकर आया और तब तक पीटा जब तक वह बेसुध नहीं हो गई। बेसुध होने के बाद उसने उसके सिर को धोकर खून साफ किया और सो गया। शाम को ही पत्नी की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
 
सोमवार की रात शक के चलते गांव मुड़िया वैश्य निवासी सोहन सिंह ने अपनी पत्नी को लात घूसों से पिटाई करते हुए कई बार उसका सिर दीवार में मारा था। जिसके चलते उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्यारे युवक को सुबह गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस हिरासत में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी रागिनी फोन पर किसी से बात किया करती थी। वह किससे बात कर रही है यह उसे नहीं बताती थी। बात करने के बाद वह नंबर भी डिलीट कर देती थी। 23 दिसंबर की शाम को भी रागिनी अपने फोन से किसी से बात कर रही थी। यह देख उसका खून खौल गया। उसने पूछा कि रागिनी किससे बात कर रही हो, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद गुस्से में वह घर से बाहर चला गया और शराब पीने लगा। काफी शराब पीकर वह वापस घर आया तो देखा कि रागिनी चूल्हे के पास बैठी थी। उसने फिर पूछा कि वह किससे बात कर रही थी। इस पर रागिनी उससे उल्टा बोलने लगी। जिसके बाद उसने गुस्से में उसे कई लातें मारीं। उसका सिर कई बार दीवार व जमीन पर पटका। जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने कहा कि अब उसे अपने किए पर बहुत पछतावा है, लेकिन अब क्या हो सकता है। 

धर्मस्थल के शोर में दबी रागिनी की चीखें
सोहन ने बताया कि जब उसने रागिनी को मारा उस समय मंदिर में भजन बज रहे थे, जिस कारण आसपास के लोग उसकी चीखें नहीं सुन सके। पिटाई के दौरान वह चिल्लाती रही, लेकिन कोई उसकी चीखें नहीं सुन पाया। कई बार सिर दीवार में टकराने के बाद रागिनी ने उल्टियां भी कीं, जिसे उसने धोया था। ग्रामीण और पुलिस के अनुसार अगर भजन न बज रहे होते तो शायद कोई उसकी चीखें सुन लेता।

सोहन पर दर्ज है दुष्कर्म का केस
पत्नी के हत्यारोपी गांव मुड़िया वैश्य निवासी सोहन के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 में उसके खिलाफ दुष्कर्म, वर्ष 2023 में घर मे घुसकर मारपीट व हथियार रखने के मामले समेत उस पर कुल चार मुकदमें दर्ज है। यही वजह है कि उसका सामाजिक दायरा नहीं था। वह लोगों से अलग-थलग रहता था।

अंतिम संस्कार कर लौट गए परिजन
रागिनी का अंतिम संस्कार उसके ससुराल मुड़िया में किया गया। इस दौरान उन्नाव से आए उसके माता-पिता भी मौजूद रहे। इस दौरान परिजनों ने किसी से ज्यादा बात नहीं की। अंतिम संस्कार होने के बाद ही वह लौट गए। ग्रामीणों ने बताया कि रागिनी शांत स्वभाव की थी। उसके ऊपर सोहन आरोप लगा जरूर रहा है, लेकिन ऐसा कभी किसी ग्रामीण ने महसूस नहीं किया। सोहन के आरोपों में कितना दम है यह पुलिस विवेचना के दौरान सामने आ सकता है।

उन्नाव में शुरू हुई प्रेम कहानी का दुखद अंत
सोहन की शुरुआती प्रेम कहानी फिल्मों से मिलती जुलती है, लेकिन अंत बहुत दुखद और फिल्मों के पूरी तरह से विपरीत है। प्रेम विवाह करने वाला हीरो अपनी नायिका की हत्या शायद ही किसी फिल्म में करता हो। सोहन की कहानी में ऐसा हुआ है। शक के चलते उसने अपनी पत्नी की जान ले ली, जबकि ग्रामीणों के अनुसार रागिनी का चाल-चलन संदिग्ध नहीं था।
 
सोहन ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि लगभग चार साल पहले वह कंबाइन पर काम करता था। इसी काम को करने के लिए वह उन्नाव गया था। वहां उसकी मुलाकात रागिनी से हुई और दोनों नजदीक आ गए। प्रेम परवान चढ़ा तो दोनों ने शादी कर ली। ग्रामीणों के अनुसार रागिनी काफी मिलनसार थी। गांव के लोगों से उसका व्यवहार ठीक था जबकि सोहन का व्यवहार अच्छा नहीं था। यही नहीं सोहन के खिलाफ कई केस भी दर्ज थे। साल 2023 में उसके खिलाफ दुष्कर्म तक का केस दर्ज हुआ था। उसके व्यवहार से अनजान रागिनी उसके प्यार के जाल में फंस गई। उसकी प्रेम कहानी का ऐसा अंत होगा, उसने कभी नहीं सोचा होगा। सोहन से प्यार करने की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर : नशे में धुत पति ने पत्नी से झगड़े के बाद पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार