संभल : उचक्कों ने महिला को झांसा देकर जेवर व नकदी हड़पी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

घर में बरकत व परेशानी दूर होने की कही बात

चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली से 100 कदम की दूरी पर दो उचक्कों ने महिला के जेवर व नकदी हड़प ली। उचक्कों ने महिला को दो पुड़िया दीं। महिला ने जब घर जाकर पुडिया खोली तो उसमें मिट्टी व चार रुपये निकले। महिला जनपद बदायूं के थाना इस्लामनगर से परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला ने जानकारी की। फिलहाल महिला की ओर से कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।

जनपद बदायूं के थाना इस्लामनगर के गांव चन्दोई निवासी महिला हसरती पत्नी आदिल अपनी 14 वर्षीय पुत्री फराना के साथ शुक्रवार की सुबह बनियाठेर थाना क्षेत्र के कस्बा नरौली पहुंची। महिला को अपनी पुत्री के हाथ का आपरेशन कराना है। उसके हाथ में सेप्टिक हो गया है। महिला रिश्तेदारी में पुत्री को छोड़कर घर लौट रही थी। शुक्रवार की दोपहर 2 बजे कोतवाली के नजदीक 100 कदम की दूरी पर स्थित स्टेशन रोड स्थित गांधी पार्क के पास पहुंची, तब वहां उसको 30 से 32 वर्षीय दो युवकों ने महिला को रोक लिया। परेशानी होने की बात कर बातचीत करने लगे। इसके बाद दोनों युवक महिला को गांधी पार्क स्थित पीपल के पेड़ के नीचे ले गए। जहां दोनों युवकों ने महिला से कहा कि तुम्हारी परेशानी दूर हो जाएगी और घर में बरकत होगी। दोनों युवकों ने बातों-बातों में महिला से कानों से सोने के कुंडल, चांदी की पॉजेब व 10 हजार रुपये की नकदी ले ली। इसके बाद दोनों युवकों ने महिला को पुड़िया बनाकर दी और घर जाकर खोलकर देखने व पीछे मुड़कर न देखने की बात कही। शाम चार बजे महिला घर पहुंची और पुड़िया खोली तो उसमें 4 रुपये व मिट्टी थी। यह देख महिला ने आपबीती परिजनों को बताई। शाम छह बजे महिला परिजनों के साथ गांधी पार्क पहुंची। उधर से गुजर रही पुलिस को घटना की जानकारी दी। महिला ने बताया कि एक युवक पेंट-शर्ट व दूसरा युवक कुर्ता-पजामा पहने था। 

ये भी पढ़ें - संभल हिंसा के बाद प्रशासन का एक्शन, जामा मस्जिद के सामने बनाई जाएगी पुलिस चौकी...रखा जाएगा ये नाम

संबंधित समाचार