बदायूं: सपा सांसद बोले-भाजपा के मंत्रियों ने दल के मुद्दों से ऊपर उठकर की बात

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सूरजकुंड पहुंचे सांसद आदित्य यादव, पूर्व मंत्री आबिद रजा, सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव

बदायूं, अमृत विचार। बदायूं से सपा सांसद आदित्य यादव, सपा के राष्ट्रीय सचिव आबिद रजा, जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने गांव मझिया स्थित सूरजकुंड पहुंचकर बौद्ध भिक्षुओं से बात की। उनकी समस्या जानी। जिसके बाद पत्रकारों से बात की। सांसद ने कहा कि वह खुशी हैं सरकार और मंत्रियों ने दल के मुद्दों से ऊपर उठकर बात की। फिर बौद्ध भिक्षुओं को दोबारा सूरजकुंड पर स्थापित किया गया। इसके अलावा सांसद ने बिसौली क्षेत्र में सोत नदी के पुल का जायजा लिया। लोगों से बात की।


दो हिंदू संगठनों ने सूरजकुंड पर भगवान की मूर्तियां दबाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सात लोगों को मुचलका पाबंद किया था। बौद्ध भिक्षुओं ने मालवीय अध्यापक आवास गृह पर धरना दिया। सपा के मुख्य सचेतक व सांसद धर्मेंद्र यादव, आंवला सांसद नीरज मौर्य, एटा सांसद देवेश शाक्य ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल को मांग पत्र सौंपकर समस्या से अवगत कराया था। जिसके बाद प्रशासन ने बौद्ध भिक्षुओं को सूरजकुंड पर दोबारा स्थापित कराया था। शनिवार को सांसद, पूर्व मंत्री जिलाध्यक्ष बौद्ध भिक्षुओं से मिलने पहुंचे। बौद्ध की मूर्ति के समक्ष हाथ जोड़े। भिक्षुओं से उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की। उनसे मिलकर बाहर आने के बाद सांसद ने कहा कि घटना के समय लोकसभा चल रही थी। सांसदों ने दो मंत्रियों को मांग पत्र दिया था। खुशी की बात है कि मंत्रियों से बात करने के बाद सरकार ने संज्ञान लिया और बौद्ध भिक्षुओं को दोबारा स्थापित कराया। बदायूं का इतिहास भाईचारे वाला रहा है। शांतिपूर्ण सौहार्द बना रहे। वह जनप्रतिनिधि के तौर पर बौद्ध भिक्षुओं से मिलने आए थे कि कहीं उनकी कोई ऐसी समस्या तो नहीं है जो वह प्रशासन या सरकार तक पहुंचाना चाहते हो। जाति-धर्म के आधार पर न बंटें। भाजपा के राजनीति करने का आरोप लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिन मंत्रियों के समक्ष मांग पत्र रखा था वह भी तो भाजपा के ही थे। अंत में उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अहम भूमिका थी। जिसके बाद उन्होंने बिसौली क्षेत्र में सोत नदी का निरीक्षण किया। अधिकरियों को फोन करके पुल के संबंध में वार्ता की। वैकल्पिक मार्ग व सोत नदी के नए का जल्द से जल्द निर्माण कराने को कहा। फिर गांव परवेजनगर निवासी सेना में शहीद हुए राजेश कुमार प्रजापति के पिता रामजीमल से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। हर संभव मदद का भरोसा दिया। 

देश को आगे ले जाने की करें प्लानिंग, न करें सियासत
सूरजकुंड पर पूर्व मंत्री व सपा के राष्ट्रीय सचिव आबिद रजा ने कहा कि नफरत की सियासत नहीं करनी चाहिए। यहां तो हिंदुओं को हिंदुओं से लड़ाने का काम किया जा रहा है। आरएसएस के मोहन भागवत जी ने कहा है कि हर मंदिर में मस्जिद ढूंढना बंद करें। कहा कि हर किसी को अपने-अपने तरीके से पूजा करने की आजादी है। देश को आगे ले जाने की प्लानिंग करनी चाहिए। नफरत की सियासत फैलाकर तरक्की में बाधा न बनें।

संबंधित समाचार