मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर राहुल ने उठाए सवाल तो नड्डा ने किया पलटवार, कहा- कांग्रेस ‘घटिया राजनीति’ कर रही

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की थी और उनके परिवार को इसकी जानकारी भी दी थी। उन्होंने कांग्रेस पर मनमोहन के अंतिम संस्कार को लेकर “घटिया राजनीति” करने का आरोप लगाया। 

नड्डा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए एक यथोचित स्थान न देने का आरोप लगाया है, जहां बाद में उनका स्मारक बनाया जा सकता था। 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर “भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री” का सरासर अपमान किया है। 

नड्डा ने कांग्रेस के आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व प्रधानमंत्री के दुखद निधन पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं।” 

उन्होंने कहा, “कांग्रेस की ऐसी ओछी सोच की जितनी भी निंदा की जाए कम है। कांग्रेस, जिसने मनमोहन सिंह को उनके जीवित रहते कभी वास्तविक सम्मान नहीं दिया, अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है।” 

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मनमोहन के स्मारक के लिए जगह आवंटित थी और उनके परिवार को इसके बारे में सूचित भी किया था। उन्होंने आरोप लगाया, “इसके बावजूद कांग्रेस झूठ फैला रही है।” नड्डा ने कहा, “राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य कांग्रेस नेताओं को इस तरह की घटिया राजनीति करने से बचना चाहिए।” 

यह भी पढ़ें:-मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर सरकार ने उनका अपमान किया, कांग्रेस ने लगाया आरोप

 

संबंधित समाचार