Bareilly: दो बड़े नेताओं के मनमुटाव के बीच फंसे भाजपा मंडल अध्यक्षों के नाम, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: भाजपा महानगर के कैंट विधानसभा क्षेत्र के तीन मंडल अध्यक्षों के नाम को लेकर खींचतान मची हुई है। जबकि शहर विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडल अध्यक्षों के नाम घोषित हो चुके हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

भाजपा के लिए मंडल अध्यक्ष काफी महत्वपूर्ण होते हैं। रविवार की रात में महानगर के शहर विधानसभा क्षेत्र के सभी और कैंट विधानसभा क्षेत्र के चार मंडलों में केवल एक पूर्वी मंडल के अध्यक्ष की सूची लखनऊ से जारी हुई है। बाकी मढ़ीनाथ, कालीबाड़ी और दीनदयाल मंडल के अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि के नाम की घोषणा नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों की बातों पर गौर करें तो कैंट विधानसभा क्षेत्र में आने वाले तीनों मंडल अध्यक्षों के नामों को लेकर कुछ बड़े नेताओं के बीच आपस में खींचतान चल रही है। 

दावेदारों की संख्या भी काफी है। मंडलों में 6 से अधिक लोगों ने नामांकन किया था, लेकिन पैनल में तीन-तीन नाम भेजे हैं। इसमें से एक नाम का चयन होना है। इन नामों को लेकर खेमेबाजी होने से सूची फाइनल नहीं हो पा रही है। दोनों बड़े नेता अपने से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं को इस पद पर देखना चाहते हैं। इसको लेकर संगठन के बड़े पदाधिकारियों तक पैरवी पहुंच रही है। 

अब देखना है कि आने वाले समय में दोनों बड़े नेताओं में किसकी पैरवी काम आएगी। स्थानीय पदाधिकारी नजर रखे हैं, क्योंकि उनके भी जानने वाले मंडल अध्यक्ष की लाइन में हैं। जबकि दूसरी ओर भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि साफ-सुथरी छवि और क्षमतावान मंडल अध्यक्ष की तलाश के कारण सूची में विलंब हो रहा है।

यह भी पढ़ें- Bareilly: नए साल की खुशियां मातम में बदलीं, फ्लेक्सी लगाने गया था युवक और हो गई मौत

संबंधित समाचार