अयोध्या: पारा सामान्य से 6 डिग्री लुढ़का, बढ़ी गलन...शीतलहर और बढ़ने की संभावना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी व पछुआ हवाओं के चलने के बाद से जिले में शीतलहर का कहर जारी है। इसी के कारण अब गलन भी बढ़ गई है। दिन का पारा भी नीचे आना शुरू हो गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से छह डिग्री कम रहा। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अभी शीतलहर बढ़ने की और संभावना है। 

नए वर्ष के पहले दिन एक दूसरे को बधाई देने के साथ ही लोग बढ़ी हुई ठंड को लेकर भी बातचीत करते रहे। बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद सूर्य देव ने बादलों की ओट से निहारना चाहा, लेकिन लुकाछिपी करते हुए वह फिर से बादलों के बीच चले गए। राहत न मिलने के कारण दिन भर लोगों ने अलाव का सहारा लिया। सरकारी कार्यालयों में हीटर के बीच दिन काटा। 

आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अधिकतम तापमान 14 व न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी 24 घंटे में बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं। हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है, जिससे अभी शीतलहर आगे भी जारी रहने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें- अयोध्या: नव वर्ष 2025 पर पर्यटकों से गुलजार रहे पार्क, उद्यान और ऐतिहासिक स्थल, लोगों ने परिवार समेत की मस्ती

संबंधित समाचार