कानपुर देहात में बंद स्कूल के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला युवक का शव: फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुड़गांव के मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था मृतक

कानपुर देहात, अमृत विचार। राजपुर थानाक्षेत्र के सलेमपुर गांव के एक बंद पड़े स्कूल में शुक्रवार को युवक का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक गुडगांव के एक मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था। 

राजपुर थानाक्षेत्र के सलेमपुर गांव में शिवनाथ सिंह शिक्षण संस्थान नाम से एक जूनियर हाईस्कूल है, जो काफी समय से बंद है। शुक्रवार को स्कूल के अंदर लगे नीम के पेड़ में एक युवक का शव गमछे के सहारे फंदे पर लटकता मिला। खेतों में काम करने गए किसानों ने शव लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। 

घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम व चौकी इंचार्ज सूरज पाल सिंह ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास गांव में रहने वालो को जानकारी दी और सोशल मीडिया में मृतक का फोटो शेयर किया। उसके बाद रमऊ गांव के प्रधान सैय्यद जमाल अहमद ने शव की शिनाख्त रमऊ गांव निवासी सलीम अली के बेटे युसुफ के रूप में की। मौके पर पहुंचे मृतक के भाई यूनुस अली ने बताया कि उसका भाई युसुफ अली (30) गुडगांव के एक मुर्गी फार्म में बतौर श्रमिक कार्य करता था। दो दिन पहले मुर्गी फार्म मालिक से युसुफ की अनबन हो गई थी। 

जिस पर उसने घर फोन करके बताया था कि वह शुक्रवार को गांव आएगा। शुक्रवार सुबह 10 बजे युसुफ ने अजीम को फोन पर बताया कि वह राजपुर आ गया है और थोड़ी देर में घर आएगा। उसके बाद युसुफ का मोबाइल बंद हो गया। इधर, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। 

मृतक चार भाईयों में सबसे बड़ा था। बहन सबनूर की शादी हो चुकी है। मृतक के पिता सलीम व मां जरीना की वर्षो पहले मौत हो चुकी है। मृतक की पत्नी शबनम बच्चों के साथ मायके कानपुर में रह रही है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई जाएगी।

ये भी पढ़ें- Mahakumbh से पहले नालों का करोड़ों लीटर पानी पांडु नदी से गंगा में पहुंचा...STP नहीं चलने पर दूषित पानी किया गया बायपास

संबंधित समाचार