Kanpur में दुधमुंही बच्ची रोती रही, मां ने लगा ली फांसी: मानसिक अस्वस्थ थी मां, मरने से पहले बड़ी बेटी को पीटा था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में मानसिक अस्वस्थ महिला ने बड़ी बेटी को पीटने के बाद दुधमुंही बच्ची को अपने साथ कमरे में बंदकर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। दुधमुंही बच्ची कमरे में रोती रही और बड़ी बेटी दरवाजे के बाहर रोती बिलखती रही। मकान मालिक ने महिला के पति और पुलिस को सूचना की। पुलिस ने दरवाजा खोला जहां कमरे के अंदर उसका शव लटका था और बच्ची नीचे रो रही थी। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया।

जिला फतेहपुर के साढ़ा गांव निवासी 26 वर्षीय पूजा गुप्ता की 11 वर्ष पूर्व श्याम नगर ई ब्लॉक तुलसी नगर निवासी श्यामू गुप्ता से शादी हुई थी। पति एक दूध कंपनी में दूध सप्लाई का काम करते हैं। दो बेटी 6 वर्षीय दृष्टि और डेढ़ वर्षीय दुधमुंही सृष्टि है। पति ने बताया कि कुछ वर्षों से पत्नी का दिमाग के डॉक्टर से इलाज चल रहा था। पति के अनुसार मानसिक अस्वस्थ होने के कारण पत्नी पूजा अक्सर बड़ी बेटी को मारती थी वहीं छोटी बेटी से प्यार करती थी। 

बुधवार सुबह वह 8 बजे दूध की गाड़ी लेकर सप्लाई करने कल्याणपुर पहुंचे थे, तभी मकान मालिक कौशल ने फोन कर पत्नी के दरवाजा अंदर से बंद करने की बात बताई। इस पर वह घर पहुंचे। जहां पुलिस मशक्कत कर दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हो चुकी थी। कमरे में उनकी दुधमुंही बच्ची रो बिलख रही थी और पत्नी फंदे पर झूल रही थी। चकेरी प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे ने बताया कि महिला मानसिक अस्वस्थ थी। प्रथम दृष्टयता बीमारी के कारण आत्महत्या की बात आ रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur में महिला से हजारों की ऑनलाइन ठगी: सर्वे के जरिए एक्सट्रा इनकम का लालच देकर फंसाया, रिपोर्ट दर्ज

 

संबंधित समाचार