बरेली: बुजुर्ग बोला- पुलिस को बता दूंगा, तो मार दी गोली
बरेली,अमृत विचार। भुता थाना के परेवा कुइयां गांव में बुजुर्ग रोशनलाल हत्याकांड का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। रोशनलाल की हत्या जुए में हारने पर गांव के ही बनवारी लाल और अभय सक्सेना ने की थी। दोनों युवक जुआ में हारने के बाद घर में सो रहे रोशनलाल से रुपये लूटने गए थे। …
बरेली,अमृत विचार। भुता थाना के परेवा कुइयां गांव में बुजुर्ग रोशनलाल हत्याकांड का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। रोशनलाल की हत्या जुए में हारने पर गांव के ही बनवारी लाल और अभय सक्सेना ने की थी। दोनों युवक जुआ में हारने के बाद घर में सो रहे रोशनलाल से रुपये लूटने गए थे। लूटपाट के दौरान जब रोशनलाल जाग गया और उसने कहा कि उसने दोनों को पहचान लिया है और पुलिस को बताकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएगा।
इसके बाद बनवारी ने तमंचे से रोशनलाल को गोली मार दी और अभय ने डंडे से सिर पर वार किए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर की रात में रोशनलाल की घर के बरामदे में सोते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके सिर पर भी चोट के निशान थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि रोशनलाल के चार बेटे हैं जो गांव से बाहर रहते हैं। उसकी पत्नी 20 साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। उसकी 4 बीघा जमीन है जो उसने गांव के ही एक शख्स को ठेके पर दे रखी है। वह जुआ खेलने का आदी था। उसका गांव के ही बनवारी लाल और अभय सक्सेना से जुआ खेलने को लेकर कई बार विवाद हो चुका था।
इसके बाद पुलिस ने जुआ खेलने वालों के बारे में पड़ताल की तो बनवारी और अभय गांव से फरार हो गए। इससे पुलिस का शक और गहरा गया। फिर दोनों को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह ने बताया कि दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर आलाकत्ल एक तमंचा 313 बोर का, लकड़ी का डंडा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा और लूटे गए 10500 रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
“रोशनलाल हत्याकांड में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से आलाकत्ल तमंचा, डंडा व लूटे हुए रुपये भी बरामद किए गए हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।” -डा. संसार सिंह, एसपी देहात
