Bareilly: महिला टीचर का कारनामा! फर्जी कागजातों से ले लिया तीन करोड़ का लोन...अब फंसी

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

एमबी इंटर कॉलेज की निलंबित शिक्षिका के खिलाफ पति ने एसएसपी से की थी शिकायत

बरेली, अमृत विचार: मनोहर भूषण इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापिका वंदना वर्मा के खिलाफ पति ने प्रेमनगर थाने में फर्जी कागजातों से तीन करोड़ रुपये का लोन लेने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बदायूं के थाना सिविल लाइंस के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी अमित कुमार ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की कि वंदना वर्मा ने दो पैन कार्ड और दो आधार कार्ड जन्मतिथि में अंतर करके फर्जी तरीके से बनवाए हैं। आरोप है कि वंदना वर्मा ने अपने असली नियुक्ति पत्र से अपने गिरोह के लोगों के फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए हैं।

उसने बैंक ऑफ बड़ौदा की विकास भवन और पुराना शहर की शाखाओं, यूनियन बैंक की शाखा प्रेमनगर, भारतीय स्टेट बैंक की कुर्मांचल नगर और गदरपुर उत्तराखंड से फर्जी तरीके से तीन करोड़ रुपये का लोन लिया। आरोप है कि शिक्षिका ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल आरटीओ कार्यालय में भी किया है। आरोप है कि वंदना वर्मा बिना अवकाश लिए गायब रहती है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिकायत पर विभागीय जांच कराई, जिसमें वह दोषी पाई गईं। 

इसकी जांच रिपोर्ट 23 अक्टूबर 2024 को डीआईओएस कार्यालय में सौंपी गई और वंदना को निलंबित कर दिया गया लेकिन उसके खिलाफ कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। अमित की शिकायत और एसएसपी के निर्देश पर शुक्रवार रात थाना प्रेमनगर पुलिस ने वंदना वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि अमित कुमार और वंदना वर्मा पति-पत्नी हैं। दोनों के बीच विवाद चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली: मोबाइल पर गंदे मैसेज भेज रही थी महिला, जानिए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने क्या किया

संबंधित समाचार