राष्ट्रपति मुर्मू ने देशवासियों को दी लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहु पर्वों की शुभकामनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फसलों की कटाई से संबंधित त्योहारों- लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू से पहले रविवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि ये त्योहार सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएंगे। मुर्मू ने कहा कि ये त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं और अपने साथ उत्साह और खुशी लेकर आते हैं। 

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘भारत के विभिन्न क्षेत्रों में विविध रूपों में मनाए जाने वाले ये त्योहार प्रकृति के साथ हमारे सामंजस्यपूर्ण संबंधों को दर्शाते हैं। लोग इन अवसरों पर पवित्र नदियों में डुबकी लगाते हैं और दान-पुण्य करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि फसलों से जुड़े इन त्योहारों के माध्यम से हम उन मेहनती किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जो देश को भोजन उपलब्ध कराने के लिए अथक परिश्रम करते हैं। 

उन्होंने कहा, ‘‘ये त्योहार सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएं तथा हम भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए मिलकर और अधिक उत्साह से काम करें।’’ राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुर्मू ने लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। लोहड़ी का त्योहार सोमवार को तथा मकर संक्रांति एवं पोंगल मंगलवार को मनाया जाएगा। 

यह भी पढ़ें:-प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर 1.22 लाख ने किए रामलला के दर्शन, दूसरे दिन भी उमड़ा रेला, अनुराधा पौडवाल ने भजनों से किया आनंदित

संबंधित समाचार