क्रोएशिया : Zoran Milanović ने एक बार फिर राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जगरेब। क्रोएशिया में विपक्ष समर्थित राष्ट्रपति जोरान मिलनोविक ने सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार को अंतिम दौर के मतदान में हराकर रविवार को एक बार फिर राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया। आधिकारिक परिणामों से यह जानकारी मिली। इस चुनाव में भारी जीत हासिल कर वह पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति बने रहेंगे। मिलनोविक को यूरोपीय संघ और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का आलोचक माना जाता है। 

इसके अलावा, वह रूस के विरुद्ध युद्ध में यूक्रेन को मिल रहे पश्चिमी देशों के सैन्य समर्थन के भी खिलाफ हैं। क्रोएशिया के चुनाव अधिकारियों द्वारा 99 प्रतिशत से अधिक मतपत्रों की गिनती के बाद जारी किए गए परिणामों के अनुसार मिलनोविक को उनके प्रतिद्वंद्वी ड्रैगन प्रिमोरैक की तुलना में 74 प्रतिशत से अधिक वोट मिले। प्रिमोरैक लगभग 26 प्रतिशत मत ही हासिल कर पाए। मिलनोविक क्रोएशिया के रूढ़िवादी प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच और उनकी सरकार के भी कट्टर विरोधी हैं। 

परिणाम जारी होने के बाद मिलनोविक ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी जीत मतदाताओं के विश्वास का संकेत है, लेकिन साथ ही उन्होंने ‘‘देश के आंतरिक मामलों की स्थिति के बारे में एक संदेश भी दिया। मिलनोविच ने कहा, मैं चाहता हूं कि वे (सरकार) इसे (संदेश को) सुनें। देश के लोग यही (उनकी जीत) चाहते थे। यह महज मेरे लिए समर्थन नहीं है। मिलनोविक (58) क्रोएशिया में सबसे लोकप्रिय नेता हैं। इतना ही नहीं, कभी-कभी राजनीतिक विरोधियों के साथ बहस की उनकी शैली के लिए उनकी तुलना अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की जाती है। 

ये भी पढ़ें : Los Angeles Wildfires : अमेरिका के जंगल की आग में अब तक 26 लोगों की मौत, आग पर काबू पाने की कवायद तेज 

संबंधित समाचार