रामपुर : भाइयों के बीच समझौते का किया प्रयास -राज्यमंत्री

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर आया सलवंत सिंह का बेटा

रामपुर, अमृत विचार। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि बिलासपुर के ग्राम हामिदनगर में भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद है। उन्होंने विवाद को निपटाने के लिए दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ शिकायत करने वाले लोग सपा के हैं शिकायत लेकर पहुंचे सलवंत सिंह का बेटा रिंकू पिछले दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर आया है। कहा कि रामपुर से उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
 
राज्यमंत्री ने कहा कि सवा दो एकड़ सरकारी भूमि पर कब्जा करके प्लाटिंग की जा रही थी। सरकारी भूमि को प्रशासन ने खाली करा लिया है उन्होंने कहा कि उनके द्वारा एक इंच भी जमीन नहीं खरीदी गई है। उनके ऊपर इल्जाम लगाए जा रहे हैं। कहा कि शिकायत करने वाले सलवंत सिंह के तीन भाई जिलाधिकारी को अपना पूरा जमीनी रिकार्ड देकर आए हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि सलवंत ने दूसरे भाई की जमीन दाब रखी है। उन्होंने सलवंत सिंह को समझाने का प्रयास किया था जबकि, इस मामले में उनका कोई लेना-देना नहीं है। सिख समाज में आपस में कोई विवाद नहीं हो इसके मद्देनजर उन्होंने विवाद निपटाने का प्रयास किया था। कहा कि उनके खिलाफ विपक्ष की सोची समझी साजिश है।

राज्यमंत्री के खिलाफ डीएम को दिया शिकायती पत्र
थाना बिलासपुर के गांव हामिदनगर निवासी सलवंत सिंह ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देकर कहा है कि उसकी गांव में जमीन है। उसके खेत के बराबर में गाटा संख्या 307 है जोकि अभिलेख में सरकारी चक मार्ग है। इस चक मार्ग की रकबे व नक्शे  के अनुसार चौड़ाई 15 कड़ी है।आरोप है कि राज्यमंत्री इस चकमार्ग की चौड़ाई 60 कड़ी करना चाहते हैं उन्होंने कुछ जगह पर मिट्टी से भराव भी करा दिया है। किसान की गाटा संख्या के पीछे 15 एकड़ भूमि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने खरीद ली है।जोकि उस पर कालोनी काटना चाहते हैं। जिसको लेकर राज्यमंत्री चकमार्ग की चौड़ाई दबंगई के बल पर बढ़ा रहे हैं। विरोध करने पर कई लोगों को बुलाकर देख लेने की धमकी दे चुके हैं। आरोप है कि 12 फरवरी 2024 को भी राज्यमंत्री पीड़ित के घर में घुस आए। रास्ता देने के लिए धमकाने लगे। जिसकी वीडियो और फोटो आरोपी के पास मौजूद है। खेत में बोई हुई फसल तक को बर्बाद कर दिया। आरोप है कि इन लोगों ने जीना दुश्वार कर दिया है। पीड़ित  किसान ने परिजनों के साथ मिलकर डीएम से शिकायत की है।

दिखवाया जा रहा मामला : डीएम 
जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह ने बताया कि बिलासपुर के ग्राम हामिदनगर में जमीन के मामले में दोनों पक्षों के शिकायती पत्र मिले हैं। इस मामले को दिखवा रहे हैं। 

संबंधित समाचार