कासगंज : सात केंद्रो पर होगी प्रवेश परीक्षा, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व दो सचल दल रखेंगे परीक्षा पर नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

2734 परीक्षार्थी करेंगे परीक्षा में प्रतिभाग

कासगंज, अमृत विचार। नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा जनपद में सात केंद्रो पर संपन्न होगी। इसके लिए तैयारियां पूर्ण की गई हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन व शांतिपूर्ण कराने के लिए परीक्षा पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दो सचल दल नजर बनाए रहेंगे। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी।

शनिवार को होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा को नकलविहिन के लिए इंतजाम किए गए हैं। सभी सात केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जाएगी। दो सचल दल भी परीक्षा में नजर रखेंगे। जिले के थरा चीतरा में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में 2734 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी सात विकास क्षेत्र पर एक-एक केंद्र निर्धारित किया गया है। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी से जवाहर नवोदय परीक्षा पर नजर रखी जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। एक-एक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने बताया कि जिला निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में एक-एक सचल दल बनाया गया है। जो परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक सचल दल में तीन-तीन शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षाएं नकलविहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराई जाएंगी।

एक नजर में
- 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जनपद में
- 2734 परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा में होंगे शामिल
- 7 स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
- 2 सचल दल भी रखेंगे परीक्षा पर नजर
- सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी परीक्षाएं

यह बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कालेज सोरोंजी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज, मक्खनलाल इंटर कॉलेज अमांपुर, श्री गांधी इंटर कॉलेज सहावर, एसएन इंटर कॉलेज गंजडुंडवारा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पटियाली, पार्वती राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सिढ़पुरा विद्यालय को केन्द्र बनाया गया है।

संबंधित समाचार