मुरादाबाद : 20 लाख का सोना लेकर फरार हुआ पश्चिम बंगाल का कारीगर, रिपोर्ट दर्ज
पीड़ित सर्राफ ने मुगलपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुगलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाला पश्चिम बंगाल का आभूषण कारीगर सर्राफ का 240 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कारीगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना मुगलपुरा के मोहल्ला कानून गोयान फैजगंज निवासी संजय रस्तोगी आभूषण की दुकान चलाते हैं। संजय रस्तोगी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पश्चिम बंगाल के ताकेश्वर थाना क्षेत्र के गुड़िया भाटा निवासी याकूब सहाना कानून गोयान में डॉ. राधा रानी गली में किराये पर रहकर आभूषण बनाने का काम करता था। वह कई सालों से यहां रह रहा था, जिससे सर्राफा व्यापारियों का उस पर विश्वास हो गया था।
संजय रस्तोगी के अनुसार उन्होंने बीती 7 दिसंबर 2024 से 13 दिसंबर 2024 के बीच 240 ग्राम सोना याकूब सहाना को आभूषण बनाने के लिए दिया था। उसने दो-तीन दिन में आभूषण बनाकर देने की बात कही थी। लेकिन, समय बीतने के बाद भी दुकान पर आभूषण नहीं पहुंचाया। बाद में उसके किराये के मकान पर जाकर देखा तो पता चला कि वह मकान छोड़कर चला गया है। कॉल करने पर उसका फोन भी बंद मिला।
संजय रस्तोगी का आरोप है कि आभूषण कारीगर याकूब सहाना उनका 240 ग्राम सोना लेकर भाग गया है। सोने की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। कुछ दिन इंतजार करने के बाद भी जब याकूब सहाना नहीं लौटा तो संजय रस्तोगी ने पुलिस में शिकायत की। थानाध्यक्ष मुगलपुरा कुलदीप कुमार तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी याकूब सहाना के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पुलिस पर किशोरी को पीटने का आरोप, SSP ऑफिस पहुंची नाबालिग हो गई बेहोश...जिला अस्पताल में कराया भर्ती
