रामपुर : अभिलेख चेक कराने आया बिजनौर का अभ्यर्थी फर्जीवाड़े में पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पुलिस लाइन में 26 दिसबंर से हो रही शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया

रामपुर, अमृत विचार। बिजनौर से शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया में शामिल होने आया अभ्यर्थी  बायोमैट्रिक के दौरान फर्जीवाड़े में पकड़ा गया। उसके बाद पुलिस ने गंज पुलिस को बुलाकर उनके हवाले कर दिया। बाद में इंस्पेक्टर संदीप त्यागी की तहरीर के आधार पर आरोपी अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उसने पुलिस में भर्ती होने के लिए कुछ कागजात फर्जी बनवा लिए।

बता दें कि आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती 2023 की लिखित परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियो के अभिलेखों की समीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया  26 दिसंबर 2024 से पुलिस लाइन में हो रही है। जिसमें शनिवार को कुल 75 अभ्यर्थी अभिलेखों की समीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण के लिए आवंटित हुए थे। इस दौरान जिला बिजनौर के थाना चांदपुर के गांव माहू पोस्ट गंधोर निवासी जगराम सिंह का बेटा दीपक कुमार भी शामिल हुआ था। परीक्षण के दौरान अभ्यर्थी के बायोमैट्रिक के समय जन्म तिथि में भिन्नता पाए जाने पर समिति ने सभी अभिलेखों की गहनता से जांच की। जांच के बाद पता चला कि दीपक कुमार द्वारा हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष-2010 में एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा वर्ष-2012 में उत्तीर्ण की थी। अभ्यर्थी द्वारा सही तथ्यों को छिपाते हुए अपनी उम्र को कम करने के लिए पुनः हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष 2021 में इंटरमीडिएट की परीक्षा वर्ष 2023 में उत्तीर्ण कर अभिलेख आरक्षी नागरिक पुलिस की भर्ती में सम्मिलित होने के लिए प्रयोग किए। अभ्यर्थी द्वारा अपनी उम्र लगभग 5 वर्ष कम कर ली गई। अभ्यर्थी द्वारा आधार कार्ड में भी कूट रचनाकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया गया और अभिलेखों की समीक्षा के समय प्रस्तुत किया गया। आरोपी दीपक कुमार के विरुद्ध निरीक्षक  संदीप त्यागी ने  थाना गंज में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने उसको हिरासत में लेने के बाद थाने ले आई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। एएसपी अत़ुल कुमार श्रीवास्वत ने बताया कि फर्जी  दस्तावेजों के आधार पर भर्ती होने आए अभ्यर्थी से पूछताछ की जा रही है।

अभ्यर्थियों में भी मची खलबली
पुलिस लाइन में हो रहे शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया के दौरान शनिवार को एक अभ्यर्थी द्वारा फर्जीवाड़ा करने के मामले में पकड़े जाने पर अन्य अभ्यर्थियों में भी खलबली मच गई। आरोपी अभ्यर्थी  से कमेटी के लोगों ने पूछताछ की। कुछ देर के लिए सारी प्रकिया रुक गई। अभ्यर्थी भी सकते में आ गए। बाद में दोबारा से जांच पड़ताल की कार्रवाई शुरू हो गई।

संबंधित समाचार