पीलीभीत: शराब के नशे में बारातियों से मारपीट और तोड़फोड़...दो आरोपियों को हिरासत में लिया
गाड़ियां में तोड़फोड़ समेत मोबाइल और नकदी लूटने का आरोप
बिलसंडा, अमृत विचार। निगोही ब्रांच की नहर मार्ग पर गांव अमखेड़ा के नजदीक पुलिया पर रविवार रात नशे में धुत्त युवकों ने जमकर गुंडई की। बरातियों पर हमला करके मारपीट की गई। चार गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि एक बराती से मोबाइल और तीन हजार रुपये छीन लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की। रात में ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनसे पूछताछ कर अन्य साथियों के बारे में जानकारी की जा रही है।
बता दें कि रविवार को शाहजहांपुर क्षेत्र के गांव जोतेपुर से पिपरगहना में बरात जा रही थी। निगोही ब्रांच नहर मार्ग पर गांव अमखेड़ा के नजदीक पुलिया पर पहले से ही ईको खड़ी हुई थी। कार चालक संतोष कुमार ने बताया कि बरात की गाड़ियों के गुजरते वक्त अचानक ईको के अंदर से एक महिला बदहवास हालत में सड़क पर आ गई और गाड़ी रोकने को हाथ जोड़कर चीखते हुए बचाने की गुहार लगाई। ईको सवार उसके साथ जबरन बुरा काम कर रहे थे। गाड़ी के आगे अचानक आई महिला को देख बरात की सभी गाड़ियां रुक गईं। ईको पर सवार युवक बाहर निकल आए और गाड़ियों पर हॉकी डंडों से हमला कर दिया। इससे बरातियों में भगदड़ मच गई। आरोप है कि नशे में धुत्त युवकों ने हॉकी और डंडों से बरातियों की चार गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। एक बराती का मोबाइल और रुपये छीन लिए। इसके बाद अपने गांव में कॉल कर दिया कि बरातियों ने उन्हें घेर लिया है। उसके बाद काफी ग्रामीण मौके पर आ गए और बिना कोई सच्चाई जाने बरातियों को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच एक बराती ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को पकड़ लिया। बरातियों की चारों गाड़ियों के चालकों ने संयुक्त रुप से पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार उपाध्याय ने बताया कि रविवार रात गांव अमखेड़ा के कुछ लोगों ने नशे में बरात में शामिल लोगों से मारपीट की। दो आरोपियों को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामला लूटपाट का नहीं है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: नाला निर्माण कराए बगैर डकारी लाखों की रकम, डीएम की कमेटी करेगी जांच
