पीलीभीत: नाला निर्माण कराए बगैर डकारी लाखों की रकम, डीएम की कमेटी करेगी जांच
पीलीभीत, अमृत विचार। ग्राम पंचायत में नाला निर्माण के नाम पर खेल कर लिया गया। आरोप हैं कि नाले का निर्माण न कराकर लाखों की रकम निकालकर बंदरबांट कर ली गई। शिकायत के बाद डीएम ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। जांच कमेटी को जांच कर 15 दिन के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मामला बीसलपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत चुटकुना का है। गांव निवासी एक ग्रामीण ने डीएम को शपथ पत्र सहित शिकायत की। आरोप है कि ग्राम पंचायत में मनरेगा एवं ग्राम निधि आदि मदों से सरकारी धन निकालकर बिना कार्य कराए ही गबन किया गया है। गांव में लक्ष्मण प्रसाद के घर से रामनारायण के खेत तक एक पक्का नाला निर्माण होना दर्शाया गया है। जिसकी लागत 2,56,583 रुपये बताई गई है। आरोप है कि मौके पर कोई नाला निर्माण नहीं कराया गया है। पुराने नाले को नया दर्शाकर बड़ी धनराशि हड़प ली गई। शिकायत में यह भी कहा गया है इसके अतिरिक्त अन्य मदों में सरकारी धन का गबन किया गया है। शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत में वर्ष 2021 से अब तक कराए गए पक्के निर्माण कार्य एवं मिट्टी कार्य की जांच कराने की मांग की गई। डीएम संजय कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। जांच कमेटी में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार एवं तकनीकी जांच के लिए लघु सिंचाई के सहायक अभियंता रोहित भट्ट को शामिल किया गया है।
जारी आदेश में जांच अधिकारियों को शिकायती पत्र के सभी बिंदुओं की जांच कर जांच आख्या 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में सहायक विकास अधिकारी पंचायत को संबंधित सचिव से ग्राम पंचायत जांच से संबंधित सभी अभिलेख दो दिन के भीतर जांच अधिकारी को उपलब्ध कराने को निर्देशित किया गया है।
