बाराबंकी: हमें वंचितों के प्रति होना चाहिए जवाबदेह और जिम्मेदार- मंत्री सुरेश राही

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। धन से ही समाज की सेवा नहीं की जाती। इंसान के अन्दर यदि दृढ़ इच्छाशक्ति है, तो वह अपने उद्देश्य तक पहुंच सकता है। समाजसेवा करना एक पुण्य का कार्य है। हमें वंचितों के प्रति जवाबदेह और जिम्मेदार होना चाहिए। यह बात विकासखण्ड फतेहपुर की ग्राम दौलतपुर में पूर्व विधायक रामनरेश रावत की प्रतिमा अनावरण व युवक मिलन केन्द्र के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार राही ने कही। 

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक रामनरेश रावत का जब जन्म हुआ तो दो वर्ष की आयु में ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया। उन्होंने बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए शिक्षा और समाज के क्षेत्र में लोगों के प्रेरणास्त्रोत बनकर काम करने का निर्णय लिया। वो चाहते तो सरकारी नौकरी करके भी सेवा कर सकते थे, लेकिन उन्होंने सरकारी नौकरी न करके समाज के गरीब तबके की सेवा करने का निर्णय लिया और गांव से लेकर प्रदेश की विधानसभा में भी बैठे। 

राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि कोई गरीब परिवार और किसान का बेटा अपनी पढ़ाई-लिखाई और शिक्षा कैसे पूरी करेगा, इसका विशेष अनुभव रामनरेश रावत के पास मौजूद था। उन्होंने भारतीय संस्कृति की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए कहा था कि मरने के बाद नहीं माता-पिता का सम्मान उनके जीवनकाल में ही होना चाहिये। अन्तिम व्यक्ति तक लाभकारी योजनाओं का लाभ व्यक्ति को कैसे मिले इसकी सोच के तहत वह कार्य करते थे। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि रामनरेश रावत ने हमेशा जाति और पंथ भूलकर गरीबों की सेवा करने का काम किया और अपने गांव के नाम को उन्होंने रोशन किया। 

क्षेत्रीय भाजपा विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने कहा कि वीरांगना उदा देवी ने महिला सशक्तिकरण की एक बड़ी लाइन खींची थी। उन्होंने अकेले ही पेड़ पर बैठकर 35 अंग्रेजो को मार गिराया था। वहीं रामनरेश रावत का युवाओं के प्रति योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। मंत्री ने उदा देवी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की और पूर्व विधायक स्व. रामनरेश रावत की आदमकद की प्रतिमा का अनावरण किया। आयोजकों द्वारा आये हुए अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। 

इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के राष्ट्रीय और सांस्कृतिक गीतों के कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अरविन्द कुमार मौर्य, शीलरत्न मिहिर, अरूण रावत, सरोज रावत, उपजिलाधिारी राजेश विश्वकर्मा, बीडीओ संतोष कुमार, राजीव नयन तिवारी, भुल्लन वर्मा, ग्राम प्रधान सुशील वर्मा, शिवकुमार वर्मा, सतीश विश्वकर्मा, इन्द्रप्रताप सिंह और ओमप्रकाश वर्मा आदि समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी : राज्यमंत्री Suresh Rahi बोले, विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

संबंधित समाचार