बदायूं और आसपास क्षेत्र से करते थे चोरी, कार के साथ तीन गिरफ्तार
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे कार, पुलिस ने तीनों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
बदायूं, अमृत विचार। सदर कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दिल्ली नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की कार बरामद हुई है। यह कार उन्होंने कासगंज से चोरी की थी। वह बदायूं और आसपास के क्षेत्र से कार चोरी करते थे। पुलिस ने तीनों चोरों को जेल भेजा है।
कोतवाली के उपनिरीक्षक जगमेंद्र और योगेश कुमार पुलिस बल के साथ छोटे सरकार दरगाह मार्ग स्थित आश्रय आवास के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने एक कार डीएल सीएके 3350 को रोका। कार में तीन लोग सवार थे। उन्होंने अपना नाम बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरासौल निवासी जतिन वर्मा व समीर वर्मा पुत्र प्रमोद वर्मा, शहर के मोहल्ला पटियाली सराय निवासी पंकज वर्मा पुत्र अशर्फी लाल बताया। उनकी स्विट कार के बारे में जानकारी की तो वह चोरी की थी। कार की नंबर प्लेट फर्जी थी। चेसिस नंबर के आधार पर पता चला कि कार का सही नंबर यूपी 82 जेड 8286 है। कार से यूपी 74 एएल 1579 और यूपी 38 सी 6920 की दो-दो नंबर प्लेट और एल शेप की चार चाबी बरामद हुईं। वह कार कासगंज से चोरी की गई थी। जिसकी रिपोर्ट दर्ज कासगंज कोतवाली में दर्ज है। पुलिस तीनों आरोपियों को कोतवाली ले गई। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। फर्जी नंबर प्लेट के चलते पहले से दर्ज रिपोर्ट में धारा की वृद्धि की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गिरोह चलाते हैं। जो बदायूं और आसपास के क्षेत्र में घूमकर घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की पहचान करते हैं और मौके देखकर चोरी करके कटवा देते हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षकों के साथ हेड कांस्टेबिल युद्धिष्ठिर, कांस्टेबिल पराग चौधरी, विनीत कुमार व अंकुश कुमार रहे।
ये भी पढ़ें - बदायूं: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दो घायल
