मुरादाबाद: बोले शंकराचार्य...मथुरा हो या काबा, जहां खुदाई होगी वहां मिलेंगे शंकर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सनातनियों से चेतना जागृत करने की अपील, राजनेताओं से सचेत रहने की सलाह

मुरादाबाद, अमृत विचार। शारदा पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने बुधवार को मुरादाबाद पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि संभल, मथुरा या काबा शरीफ ही क्यों न हो, जहां भी खुदाई होगी वहां हमारे शंकर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सनातनियों को अपनी चेतना जागृत रखने की जरूरत है। वहीं राजनेताओं और मीडिया प्रेमी धर्म गुरुओं से भी सचेत रहने को कहा।
 
शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम बुधवार को नया मुरादाबाद के महाकालेश्वर धाम मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भी गलत करने वालों को चिंतन करना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल सनातन धर्म में सामर्थ्य है कि वह प्रभु को भी पुत्र व अन्य रूप में ता ता थैया करने वाले कन्हैया से भी रिश्ता जोड़ लेता है। हमें अपने धर्म व आस्था पर विश्वास करना होगा। उन्होंने बताया कि मुसलमान राजनीतिक रूप से अधिक जागृत होता है, वह बहुत सोचकर वोट देता है। लिहाजा हिंदुओं को राजनीतिक रूप से जागरण की जरूरत है।

राजनीतिक दलों ने किया सनातन का नुकसान
उन्होंने कहा कि इस देश के राजनीतिक दलों ने सनातन का नुकसान किया है। सत्ता के लिए हिंदुओं को जाति जाति में बांट दिया है। सत्ता किसी की स्थायी नहीं है। आज यह इसकी है कल किसी और किसी की होती है। नेताओं से सचेत रहने की आवश्यकता है। नेताओं की न कोई जाति है न मां बाप वह केवल वोट के हैं। आज राजनेता हिंदुओं का वोट लेकर उन्हीं को चोट देते हैं। उन्होंने कहा कि देश की स्थिति खतरे में है। इसलिए सनातनियों को अपनी चेतना जागृत रखने की जरूरत है। 

पहले देश कृषि प्रधान था अब कुर्सी प्रधान है
उन्होंने कहा कि व्यास गद्दी जब तक सबसे ऊपर रही, देश सोने की चिड़िया था, लेकिन जबसे राजगद्दी व्यास गद्दी से ऊपर हो गई देश में भूख और भुखमरी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को हटाकर महात्माओं की पूजा और जयकार करो। अन्यथा देश बहुत रसातल में चला जाएगा। केवल कपड़े पहनने से कोई महात्मा नहीं बन जाता है, कर्म और धर्म से धर्मात्मा होना चाहिए। देश पहले कृषि और ऋषि प्रधान देश था लेकिन आज देश कुर्सी प्रधान हो गया है। 

प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू
इसके पहले सुबह महाकालेश्वर धाम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू हो गया। 1975 मंत्रों के द्वारा यज्ञ में आहुति दी गई। विधि विधान से श्रीराम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान ओम संस परिवार की ओर से महेश अग्रवाल, महापौर विनोद अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।आचार्य जगदीश प्रसाद कोठारी व अन्य पुजारियों ने धार्मिक अनुष्ठान कराया।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद : महाकुंभ के लिए बसों का पहला बेड़ा रवाना, दिखाई हरी झंडी

संबंधित समाचार