पीलीभीत: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर राममय दिखा शहर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। भगवान श्रीराम के प्रति आस्था और श्रद्धा का अभूतपूर्व दृश्य बुधवार को जिले में देखने को मिला। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ जनपद भर में धूमधाम से मनाई गई। नगरपालिका पीलीभीत में सुंदरकांड का पाठ कराया गया। इसे लेकर पूरी नगर पालिका को सजाया गया। श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु भजनों पर थिरकते नजर आए।

नगरपालिका पीलीभीत अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, प्रभारी ईओ आशुतोष गुप्ता के संयुक्त सहयोग से पालिका परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। नगर पालिका टाउन हॉल को भव्य रूप से सजाया गया। परिसर में भव्य पंडाल में श्री राम दरबार और हनुमान का भव्य दरबार सजाया गया। आयोजन को लेकर की गईं व्यवस्थाएं देखते ही बन रहीं थीं। मानों नगरपालिका में भी रामलला विराजमान हुए हों। कथावाचक शिवानंद शास्त्री और उनके साथ आए हुए पुरोहितों ने पूजन कर सुंदरकांड पाठ संपन्न कराया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, डीएम संजय कुमार कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर के साथ ही कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए। हवन में समस्त श्रद्धालुओं ने आहूति दी। कथावाचक शिवानंद शास्त्री ने रामलला की जीवनलीला का वर्णन किया। इस दौरान भजन भी हुए और श्रद्धालु झूम उठे। इस मौके पर  संयुक्त वार एसोसिएशन अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र, चेयरमैन पति आशीर्वाद अग्रवाल, सभासद गोकुल प्रसाद मौर्य, साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, रत्ना शुक्ला, निर्मल सिंह, सुरेश लोधी, राजेंद्र कुमार, विपिन त्यागी, विकास बाबू, राशिद हुसैन, चेतन गंगवार, शिखा वर्मा, शिवली अहमद, राजू फौजी, अवतार सिंह मोनू, भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्रेश चौहान आदि मौजूद रहे।  अतिथियों को श्रीराम का चित्र भेंट किया गया। सुंदरकांड पाठ में पहुंचने वालों को रामनाम का पटका पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। भक्तों को प्रसाद वितरण के साथ ही सूक्ष्म जलपान की भी व्यवस्था की गई। यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक रहा, बल्कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयास का भी अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता रहा।

398

जगह-जगह हुए भंडारे, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में कई जगह भंडारे कराए गए। सुबह से ही  धार्मिक स्थलों पर भक्त पहुंचे और पूजा अर्चना कर दिन की शुरुआत की। गांधी स्टेडियम रोड पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर भी पूजन के बाद भंडारा हुआ। अशोक कॉलोनी परिसर में पूड़ी सब्जी और चावल का भंडारा किया गया। इसके अलावा सुनगढ़ी तिराहे के पास स्थित श्रीराम मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर, बजरिया, काला मंदिर,रेलवे स्टेशन रोड पर कई जगह, चौक बाजार समेत कई मुख्य मार्गों और धार्मिक स्थलों पर दिनभर भंडारा चला। इसी के साथ श्रीराम के भजनों की गूंज रही। रेलवे स्टेशन तिराहे पर हुए भंडारे में अरविंद कुमार, दीपक, अजय यादव, गौरव ठाकुर, सुनील, अमन आदि सेवा कार्य में जुटे रहे।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: चूल्हे की जलती लकड़ी से की पिटाई, आहत विवाहिता ने जहर खाकर की जान देने की कोशिश...FIR

संबंधित समाचार