सैफ के हमलावर ने कबूला अपना गुनाह, पहचान छिपाने के लिए बदल लिया था हुलिया...बांग्लादेशी होने के मिले सबूत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। सैफ अली खान पर अटैक मामले में बड़ा अपडेट आया है। आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस को उसने बताया कि वह सिर्फ चोरी करने के मकसद से घर में घुसा था। मोहम्मद शरीफुल इस्लाम बांग्लादेश से है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को उसका बांग्लादेशी आईडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। इसमें उसका नाम शरीफुल इस्लाम लिखा गया है। उसके पिता का नाम मोहम्मद रुहुल अमीन है। उसकी उम्र 31 साल दर्ज है।

12

मुंबई पुलिस के मुताबिक, शरीफुल इस्लाम सात महीने पहले अवैध रूप से दावकी नदी पार करके हिंदुस्तान में दाखिल हुआ था। पहले कुछ सप्ताह वेस्ट बंगाल में रहने के बाद नौकरी की तलाश में मुंबई आ गया। उसने एक स्थानीय व्यक्ति के आधार कार्ड का इस्तेमाल करके सिमकार्ड हासिल किया था। 

चाकू का तीसरा टुकड़ा भी बरामद
पुलिस ने कुछ दिन पहले ही आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने सैफ के घर पर क्राइम सीन रीक्रिएट किया था। सैफ पर जिस चाकू से हमला किया गया था पुलिस ने उसका तीसरा टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने बांद्रा लेक के पास चाकू का ये टुकड़ा फेंका था। पूछताछ में पुलिस को इस बारे में पता चला था ,जिसके बाद से पुलिस की टीम उस इलाके में गई और करीब डेढ़ घंटे की छानबीन के बाद पुलिस के हाथ वो टुकड़ा लगा। अब पुलिस इस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

पहचान छिपाने के लिए बदल लिया था हुलिया
सूत्रों के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहम्मद शरीफुल वर्ली कोलीवाड़ा में एक सैलून में बाल कटवाने गया था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपने बाल कटवा लिए थे और अपना हुलिया भी बदल लिया था। दरअसल, सैफ पर हमला करने के बाद आरोपी सोसायटी के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। 

बांग्लादेश में बाइक टैक्सी चलाता था मोहम्मद शरीफुल
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद शरीफुल के पिता मोहम्मद रुहुल अमीन ने कई खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद अप्रैल 2024 में काम की तलाश में भारत गया था। वो घर का अकेला कमाने वाला सदस्य है और हर महीने घर पर पैसे भेजता था। उन्होंने बताया कि भारत जाने से पहले शरीफुल बांग्लादेश में बाइक टैक्सी चलाता था। उनका बेटा कोई दस्तावेज लेकर इंडिया नहीं आया था। वहीं मुंबई पुलिस को आरोपी का बांग्लादेश का ड्राइविंग लाइसेंस और दूसरे दस्तावेज भी मिले हैं।

ये भी पढ़ें : बोमन ईरानी के निर्देशन में बनीं पहली फिल्म 'The Mehta Boys' का 7 फरवरी को होगा प्रीमियर, बोले-बेहद उत्साहित हूं 

संबंधित समाचार