लखीमपुर खीरी: जिला अस्पताल में भर्ती मरीज ओढ़े मिला फटा कंबल, बिफरे सीएमएस
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह राउंड करते समय मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज फटा कंबल ओढ़े मिला। यह देखकर सीएमएस का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। तैनात स्टाफ को फटकार लगाकर दूसरा कंबल मंगवाकर ओढ़वाया। साथ ही स्टाफ को इस तरह की पुनरावृत्ति मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएमएस डॉ. आरके कोली गुरुवार सुबह नियमित भ्रमण करते हुए मेडिकल पुरुष वार्ड पहुंचे। इस दौरान एक मरीज फटा कंबल ओढ़े मिला। इस पर उन्होंने मौजूद स्टाफ नर्स एवं वार्ड ब्वॉय से सवाल जवाब दिया। मगर, स्टाफ सटीक उत्तर नहीं दे सका। इस पर उन्होंने फटकार लगाते हुए तत्काल दूसरा कंबल लाकर बदलने के निर्देश दिए। साथ ही स्टाफ का ताकीद किया कि मरीजों को सर्दी से बचाने के लिए ब्लोअर, हीटर सहित कंबल आदि की पर्याप्त व्यवस्था है।
बावजूद इसके मरीज को फटा कंबल दे दिया गया। उन्होंने मेट्रन को निर्देशित किया जो कंबल एवं चादर आदि फट चुकी हैं। उन्हें निकलवाकर अलग रख दें। न तो बेड पर फटी बेडशीट व चादर बिछाई जाएं और न ही ओढ़ने को कंबल आदि दिए जाएं। भविष्य में इस तरह पुनरावृत्ति मिलने पर कार्यवाही के लिए तैयार रहें। इस दौरान मेट्रन रजनी मसीह, काउंसलर देवनंदन श्रीवास्तव, सुपरवाइजर अखिलेश श्रीवास्तव, निलेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौत
